गौरव कुमार AV भारत न्युज संवाददाता बखरी/बेगूसराय
आस्था के केंद्र माने जाने वाले बखरी नगर के वार्ड संख्या 13 स्थित ॐ श्याम हनुमान मंदिर में बीती देर रात चोरी की बड़ी घटना सामने आई है। शिवरात्रि पूजा संपन्न होने के कुछ घंटों बाद अज्ञात चोरों ने मंदिर का ताला तोड़कर अंदर रखे देवताओं के मुकुट, कड़ा सहित अन्य जेवरात और दान पेटी में जमा नकदी पर हाथ साफ कर दिया।
जानकारी के अनुसार रविवार को महाशिवरात्रि के अवसर पर मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी थी। देर रात तक पूजा-अर्चना और भजन-कीर्तन चलता रहा। पूजा संपन्न होने के बाद मंदिर के पुजारी ने विधिवत ताला बंद कर घर चले गए।
सोमवार सुबह मंदिर का मुख्य दरवाजा टूटा मिला और अंदर का सामान बिखरा पड़ा था। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार पता चला कि चोरों ने पहले मुख्य द्वार का ताला तोड़ा, फिर गर्भगृह में प्रवेश कर विभिन्न देवी-देवताओं के मुकुट, कड़ा और अन्य चांदी-पीतल के आभूषण निकाल लिए। इसके अलावा दान पेटी का ताला तोड़कर उसमें रखी पूरी नकदी भी चुरा ली। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार दान पेटी में शिवरात्रि के कारण सामान्य दिनों से अधिक चढ़ावा जमा था।
घटना की सूचना मिलते ही आसपास के श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों की भीड़ मंदिर परिसर में जुट गई। लोगों में इस घटना को लेकर गहरा आक्रोश है। उनका कहना है कि धार्मिक स्थल में चोरी होना न केवल कानून व्यवस्था पर सवाल खड़ा करता है, बल्कि आस्था को भी ठेस पहुंचाता है।
सूचना पाकर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने की बात कही है। थानाध्यक्ष ने बताया कि जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।
