गोपल्लव झा AV भारत न्युज संवाददाता वीरपुर/बेगुसराय
वीरपुर थाना क्षेत्र के मुजफरा गांव में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक पति ने अपनी 8 माह की गर्भवती पत्नी की ईंट से कुचलकर हत्या कर दी। इस घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है।
मृतका की पहचान लक्ष्मी देवी (21 वर्ष) के रूप में हुई है। मृतका के पिता भिखो चौधरी, निवासी सोहरवाघाट (थाना कुशेश्वरस्थान, जिला दरभंगा) ने बुधवार को नगर थाना में दिए गए फर्द बयान में बताया कि मंगलवार रात करीब 8 बजे उनकी बेटी की सास ने फोन कर सूचना दी कि लक्ष्मी गिर गई है और उसकी हालत गंभीर है।
पिता ने आरोप लगाया है कि यह महज हादसा नहीं बल्कि दहेज के लिए की गई हत्या है। उनका कहना है कि उन्हें पूरा विश्वास है कि उनके दामाद, मुजफरा निवासी राजा चौधरी ने ही उनकी बेटी की मारपीट कर हत्या कर दी।
उन्होंने बताया कि करीब साढ़े तीन वर्ष पहले लक्ष्मी की शादी राजा चौधरी से हुई थी। शादी के बाद से ही दामाद अक्सर पैसों की मांग करता था और दहेज को लेकर लक्ष्मी को प्रताड़ित करता रहता था। कई बार उसके साथ मारपीट भी की गई थी। मृतका का एक ढाई साल का बेटा भी है।
इस संबंध में थानाध्यक्ष रविन्द्र कुमार ने बताया कि मृतका के पिता के बयान के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया गया है। शव पर चोट के कई निशान पाए गए हैं। पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।
