गौरव कुमार AV भारत न्युज संवाददाता बखरी/बेगूसराय
बखरी प्रखंड अंतर्गत परिहारा अतिरिक्त स्वास्थ्य उपकेंद्र में जर्जर भवन एक बार फिर हादसे का कारण बन गया। उपकेंद्र के भवन का छज्जा अचानक गिरने से वहां कार्यरत स्वास्थ्यकर्मी मनोज कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना में उनके सिर में चोट आई है, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
बताया जाता है कि स्वास्थ्यकर्मी मनोज कुमार ड्यूटी पर तैनात थे, तभी अचानक भवन का एक हिस्सा भरभराकर नीचे गिर पड़ा। छज्जा गिरने से वे उसकी चपेट में आ गए और उनके सिर में गंभीर चोट लग गई। आसपास मौजूद लोगों और अन्य स्वास्थ्यकर्मियों ने तत्काल उन्हें उपचार के लिए नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि परिहारा अतिरिक्त स्वास्थ्य उपकेंद्र का भवन काफी समय से जर्जर स्थिति में है और कई बार इसकी मरम्मत या नए भवन निर्माण की मांग की जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस पहल नहीं की गई। इस घटना के बाद लोगों में आक्रोश है और वे स्वास्थ्य विभाग की लापरवाही पर सवाल उठा रहे हैं।
ग्रामीणों ने कहा कि यदि समय रहते भवन की मरम्मत या पुनर्निर्माण कराया गया होता, तो इस तरह की घटना से बचा जा सकता था। फिलहाल घायल स्वास्थ्यकर्मी का इलाज जारी है।
लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि जर्जर भवन को अविलंब दुरुस्त कराया जाए या नए भवन का निर्माण कराया जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
