विजय भारती ब्यूरो AV भारत न्युज बेगुसराय
भगवानपुर थाना पुलिस ने दहेज उत्पीड़न से जुड़े दो अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए एक अभियुक्त और एक कोर्ट वारंटी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। दोनों गिरफ्तारियां थाना क्षेत्र के अलग-अलग गांवों से की गई हैं।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, जगदीशपुर गांव निवासी स्वर्गीय रामभरोस यादव के पुत्र चंदन यादव को गिरफ्तार किया गया है। उसके विरुद्ध भगवानपुर थाना कांड संख्या 111/26 दर्ज है। आरोप है कि बीते 7 मई को दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर उसने अपने परिजनों के सहयोग से पत्नी सुलेखा देवी के साथ मारपीट की थी। इसी दौरान उसे कुएं में धकेल दिया गया, जिससे उसकी मौत हो गई थी। घटना के बाद से आरोपी फरार चल रहा था।
थानाध्यक्ष ऋषिकांत कुमार ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने छापेमारी कर चंदन यादव को उसके गांव जगदीशपुर से गिरफ्तार कर लिया।
वहीं दूसरी ओर, कविया गांव निवासी गणेश कैव के पुत्र बमबम कैव को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया है। वह दहेज उत्पीड़न के एक मामले में न्यायालय से जारी वारंट के आधार पर वांछित था। पुलिस ने उसे कविया गांव से गिरफ्तार कर लिया।
थानाध्यक्ष ने बताया कि दोनों आरोपियों के विरुद्ध आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। उन्होंने कहा कि महिला उत्पीड़न और दहेज प्रताड़ना से जुड़े मामलों में फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार अभियान चला रही है तथा न्यायालय से जारी वारंटों का निष्पादन प्राथमिकता के आधार पर किया जा रहा है।
