तीन लोकसभा क्षेत्रों के लाखों लोगों को मिलेगा लाभ
गौरव कुमार AV भारत न्युज संवाददाता बखरी/बेगूसराय
पूर्णिया कोर्ट और दानापुर के बीच प्रस्तावित नई रात्रिकालीन एक्सप्रेस ट्रेन को भाया सलौना–हसनपुर जंक्शन–रूसेरा घाट मार्ग से संचालित करने की मांग जोर पकड़ने लगी है। रेल मंत्रालय द्वारा इस ट्रेन के शीघ्र परिचालन की संभावना के बीच क्षेत्र के लोगों ने इसे हसनपुर मार्ग से चलाने की मांग उठाई है।
रेल यात्री संघ सलौना के अध्यक्ष राजेश अग्रवाल ने रेल मंत्री को पत्र भेजकर इस संबंध में आग्रह किया है। उन्होंने कहा कि पूर्णिया कोर्ट–दानापुर रात्रिकालीन ट्रेन की घोषणा से क्षेत्र के लोगों में खुशी का माहौल है। यदि इस ट्रेन का परिचालन सलौना–हसनपुर जंक्शन–रूसेरा घाट मार्ग से किया जाता है, तो लंबे समय से उपेक्षित इस रेलखंड के यात्रियों को राजधानी पटना आने-जाने की बेहतर सुविधा मिल सकेगी।
उन्होंने पत्र में उल्लेख किया है कि वर्तमान में इस मार्ग पर पटना के लिए केवल वंदे भारत एक्सप्रेस की सुविधा उपलब्ध है, जो दोपहर में पटना पहुंचती है। दूसरी ओर बरौनी होकर रात्रि में कैपिटल एक्सप्रेस, जनहित एक्सप्रेस समेत कई ट्रेनों का परिचालन पहले से हो रहा है। ऐसे में नई रात्रिकालीन ट्रेन को सलौना–हसनपुर–रूसेरा घाट मार्ग से चलाना अधिक उपयोगी और जनहित में होगा।
राजेश अग्रवाल ने कहा कि इस ट्रेन के परिचालन से खगड़िया, बेगूसराय और समस्तीपुर लोकसभा क्षेत्रों की बड़ी आबादी को सीधा लाभ मिलेगा। वर्तमान में इस क्षेत्र के छात्रों, व्यवसायियों, नौकरीपेशा लोगों और मरीजों को पटना आने-जाने के लिए सीमित रेल सुविधा उपलब्ध है। नई ट्रेन शुरू होने से यात्रियों को काफी राहत मिलेगी।
इस संबंध में मांग पत्र क्षेत्रीय सांसद एवं केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह को भी भेजा गया है। स्थानीय लोगों ने उम्मीद जताई है कि रेल मंत्रालय क्षेत्र की जरूरतों को देखते हुए इस महत्वपूर्ण मांग पर सकारात्मक निर्णय लेगा।
