नवीन कुमार मिश्रा AV भारत न्युज संवाददाता नावकोठी/बेगुसराय
नावकोठी प्रखंड क्षेत्र में जन शिकायतों के प्रभावी समाधान को लेकर मंगलवार को “सबका सम्मान, जीवन आसान” निश्चय के तहत नावकोठी पंचायत भवन में सहयोग शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलित कर की गई।
शिविर में मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद परिवहन पदाधिकारी बेगूसराय राजीव कुमार ने उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि सरकार की स्पष्ट सोच है कि विकास से वंचित लोगों को मुख्यधारा से जोड़ना है। उन्होंने कहा कि जनता के कार्यों का 30 दिनों के भीतर निष्पादन सरकार की गारंटी है। इस दौरान उन्होंने लाभुकों के बीच राशन कार्ड सहित विभिन्न योजनाओं से संबंधित प्रमाण पत्र और कार्ड का वितरण भी किया।
शिविर में पूर्व से प्राप्त 58 आवेदनों में से 31 मामलों का निष्पादन कर दिया गया, जबकि 27 आवेदनों का निपटारा जांच-पड़ताल के बाद किया जाएगा। वहीं शिविर के दौरान 56 नए आवेदन भी प्राप्त हुए।
विभागवार प्राप्त आवेदनों में खाद्य आपूर्ति विभाग से 6, राजस्व विभाग से 16, सामाजिक सुरक्षा से 5, पंचायती राज विभाग से 1, पीएचईडी विभाग से 2, आरटीपीएस से 12, योजना एवं विकास विभाग से 14, शिक्षा विभाग से 1 तथा सहकारिता विभाग से 1 आवेदन शामिल हैं। बिजली, ग्रामीण विकास और कृषि विभाग से कोई आवेदन प्राप्त नहीं हुआ।
ज्ञात हो कि आम नागरिकों को अपनी समस्याएं, शिकायतें और सुझाव सीधे प्रशासन के समक्ष रखने तथा उनके त्वरित समाधान के लिए राज्य सरकार लगातार प्रयासरत है। लोक सेवाओं की समयबद्ध उपलब्धता और शिकायतों के निवारण के लिए बिहार लोक सेवा का अधिकार अधिनियम-2011 एवं बिहार लोक शिकायत निवारण अधिकार अधिनियम-2015 प्रभावी रूप से लागू है।
मौके पर सीओ सूरज कुमार, प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. राजीव रंजन चौधरी, अपर थानाध्यक्ष विश्वजीत कुमार, एसआई अबोध कुमार सिंह, आपूर्ति पदाधिकारी मनोज कुमार, कनीय विद्युत अभियंता विमल कुमार साहा, बीसीओ अनिल कुमार चौधरी, एलईओ मेघा वर्मा, बीएओ रौशन कुमार, मुखिया राष्ट्रपति कुमार, लोजपा प्रखंड अध्यक्ष शंकर महतो, सुभाकर मिश्रा, स्वच्छता पर्यवेक्षक कन्हैया कुमार, पंचायत कार्यपालक सहायक किशोर मिश्रा सहित बड़ी संख्या में फरियादी मौजूद थे।


