नवीन कुमार मिश्रा AV भारत न्युज संवाददाता नावकोठी/ बेगुसराय
नावकोठी थाना क्षेत्र के पहसारा भवनगामा गांव में मारपीट की घटना में एक महिला एवं उसका पुत्र घायल हो गए। मामले को लेकर पीड़िता ने नावकोठी थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
पीड़िता निराला देवी, पति रामू पासवान ने दर्ज कराए गए आवेदन में आरोप लगाया है कि वह अपने घर के आंगन में बर्तन साफ कर रही थीं। इसी दौरान श्रवण कुमार, पिता स्वर्गीय रामखेलावन पासवान द्वारा खिड़की से झांककर आपत्तिजनक इशारे किए गए। विरोध करने पर गाली-गलौज शुरू कर दी गई।
आरोप है कि इसके बाद श्रवण कुमार, मूर्ति देवी एवं कैलाशी देवी घर में घुस आए और उनके साथ मारपीट की। पीड़िता का कहना है कि आरोपितों ने बाल पकड़कर घसीटा तथा लोहे की रॉड, डंडा एवं ईंट से हमला कर उन्हें घायल कर दिया। घटना में उनके सिर पर गंभीर चोट लगी। साथ ही करीब 35 हजार रुपये मूल्य का मंगलसूत्र छीन लेने का भी आरोप लगाया गया है।
पीड़िता ने बताया कि उन्हें बचाने पहुंचे उनके पुत्र के साथ भी मारपीट की गई, जिससे वह भी घायल हो गया।
इस संबंध में थानाध्यक्ष मो. फिरदौस ने बताया कि आवेदन के आधार पर कांड दर्ज कर लिया गया है तथा मामले की जांच-पड़ताल शुरू कर दी गई है। जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


