नवीन कुमार मिश्रा AV भारत न्युज संवाददाता बेगुसराय
चेरिया बरियारपुर थाना क्षेत्र के बसौना मोड़ के समीप मंगलवार को हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में तेज रफ्तार हायवा ट्रक ने बाइक सवार दो युवकों को कुचल दिया। हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया।
मृतक की पहचान खांजहांपुर पंचायत निवासी मिठू सहनी के पुत्र मनीष कुमार के रूप में हुई है। वहीं घायल युवक की पहचान 16 वर्षीय अनुराग कुमार, पिता अशोक साह, के रूप में की गई है।
घटना की सूचना मिलते ही चेरिया बरियारपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और त्वरित कार्रवाई करते हुए भाग रहे हायवा ट्रक का पीछा कर उसे पकड़ लिया। पुलिस ने ट्रक (संख्या- JH 04 AD 2774) को जब्त कर अनुमंडल मुख्यालय मंझौल में सुरक्षित रखा है। हालांकि हादसे के बाद चालक मौके से फरार हो गया, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है।
थानाध्यक्ष ज्योति कुमार बसु ने बताया कि घायल अनुराग कुमार को पहले चेरिया बरियारपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल, बेगूसराय रेफर कर दिया गया। वहीं मृतक मनीष कुमार के शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया।
घटना की सूचना मिलते ही मृतक के घर में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि पूरे गांव में शोक का माहौल है। बड़ी संख्या में ग्रामीण मृतक के घर पहुंचकर परिजनों को सांत्वना दे रहे हैं।
इस दौरान खांजहांपुर पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि प्रमोद महतो, समाजसेवी राम सखा महतो, उमेश कुमार उर्फ बालाजी सहित कई जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर गहरी संवेदना व्यक्त की और हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।


