गोपल्लव झा AV भारत न्युज संवाददाता वीरपुर/ बेगुसराय
वीरपुर प्रखंड क्षेत्र के डीह पर पंचायत में 26 मई को आयोजित सहयोग शिविर में दिए गए आवेदन के 44 दिन बीत जाने के बाद भी कार्रवाई नहीं होने का मामला सामने आया है। सरकार द्वारा सहयोग शिविरों में अधिकांश मामलों के मौके पर ही निष्पादन का दावा किया जाता है, लेकिन इस मामले में पीड़ित का आरोप है कि अब तक उसे न्याय नहीं मिल सका है।
डीह पर पंचायत निवासी पंडित प्रमोद कुमार झा ने बताया कि उन्होंने आपसी बंटवारे से संबंधित आवेदन सहयोग शिविर में दिया था। आवेदन दिए हुए 44 दिन से अधिक समय बीत चुका है, लेकिन राजस्व कर्मचारी एवं संबंधित पदाधिकारियों की ओर से केवल टालमटोल किया जा रहा है। इससे परेशान होकर उन्होंने जिला पदाधिकारी (डीएम) बेगूसराय, बिहार सरकार के राजस्व मंत्री तथा उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को स्पीड पोस्ट के माध्यम से पत्र भेजकर न्याय की गुहार लगाई है।
पीड़ित प्रमोद कुमार झा का कहना है कि जैसे ही उनके द्वारा उच्च अधिकारियों को पत्र भेजने की जानकारी प्रखंड क्षेत्र में फैली, उसके बाद से कुछ दलाल और जनप्रतिनिधियों के फोन आने लगे। उनका आरोप है कि फोन पर उन्हें कहा गया कि इस तरह की शिकायत उन्हें नहीं करनी चाहिए थी।
वहीं, इस पूरे मामले पर अंचलाधिकारी (सीओ) भाई विरेंद्र ने अपना पक्ष रखते हुए कहा कि पीड़ित को कई बार परिमार्जन के लिए आवेदन देने की सलाह दी गई है। उन्होंने बताया कि यदि प्रमोद कुमार झा परिमार्जन के लिए आवेदन करते हैं तो वह स्वयं मामले को देखेंगे। सीओ का कहना है कि अब तक पीड़ित की ओर से परिमार्जन का आवेदन नहीं दिया गया है, ऐसे में इसमें उनकी कोई गलती नहीं है।
अब यह मामला प्रशासनिक स्तर पर चर्चा का विषय बना हुआ है। पीड़ित को उम्मीद है कि उच्च अधिकारियों के हस्तक्षेप के बाद उनके आवेदन पर जल्द कार्रवाई होगी।


