सचिव पद के प्रत्याशी दिलीप केशरी ने अनुमंडल पदाधिकारी से की शिकायत, अवैध चुनाव रद्द करने की मांग
गौरव कुमार AV भारत न्युज संवाददाता बखरी/बेगुसराय
श्री श्री कृष्ण गौशाला, बखरी के आगामी चुनाव को लेकर विवाद गहरा गया है। सचिव पद के प्रत्याशी दिलीप केशरी ने अनुमंडल पदाधिकारी बखरी को आवेदन देकर 10 मई 2026 को की गई चुनावी घोषणाओं को नियम विरुद्ध और अवैध बताते हुए उन्हें तत्काल रद्द करने की मांग की है।
दिलीप केशरी द्वारा दिए गए आवेदन के अनुसार, गौशाला परिसर में हुई प्रारंभिक बैठकों के बाद चुनाव की तिथि 17 मई 2026 निर्धारित की गई थी। आरोप है कि निर्धारित तिथि की प्रतीक्षा किए बिना, नियमों को ताक पर रखकर 10 मई को ही गुपचुप तरीके से उपाध्यक्ष, कोषाध्यक्ष और सह-सचिव जैसे महत्वपूर्ण पदों पर निर्वाचन की घोषणा कर दी गई।
शिकायतकर्ता ने बताया कि 10 मई को अवैध रूप से उपाध्यक्ष पद के लिए केदार केशरी व आनंद चंद्र झा, कोषाध्यक्ष पद के लिए प्रवीण साहू और सह-सचिव पद के लिए विवेक खेतान को निर्वाचित घोषित कर दिया गया, जो संस्था के नियमों के विपरीत है। विशेष रूप से सचिव पद की उम्मीदवारी पर सवाल उठाते हुए दिलीप केशरी ने कहा कि उनके प्रतिद्वंद्वी प्रत्याशी कैलाश चंद्र शर्मा का नाम संस्था की वैध मतदाता सूची में शामिल ही नहीं है। ऐसे में उनकी उम्मीदवारी पूर्णतः अवैध है। श्री केशरी ने प्रशासन से मांग की है कि 10 मई के परिणामों को निरस्त किया जाए और नियमों के अनुसार पारदर्शी तरीके से पुनः चयन प्रक्रिया सुनिश्चित की जाए।
