गौरव कुमार AV भारत न्युज संवाददाता बखरी/बेगूसराय
बखरी प्रखंड अंतर्गत उत्क्रमित उच्च माध्यमिक विद्यालय, घाघरा में नामांकन के दौरान अधिक शुल्क व अनियमितताओं को लेकर अभिभावकों एवं जनप्रतिनिधियों ने नाराजगी जताई। मामले की जानकारी मिलने पर पूर्व विधायक सूर्यकांत पासवान, मुखिया नंदकिशोर तांती तथा पैक्स अध्यक्ष बलराम कुशवाहा विद्यालय पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।
अभिभावकों ने आरोप लगाया कि विद्यालय में नामांकन के दौरान निर्धारित शुल्क से अधिक राशि वसूली जा रही है। इतना ही नहीं, कई छात्रों से शुल्क लेने के बावजूद उन्हें रसीद भी उपलब्ध नहीं कराई जा रही है। नामांकन प्रक्रिया में अनावश्यक देरी करने तथा छात्रों को उनकी इच्छा के विपरीत संकाय बदलकर नामांकन करने का भी आरोप लगाया गया है। कुछ छात्रों ने बताया कि साइंस विषय चुनने के बावजूद उन्हें कला संकाय में नामांकित किया जा रहा है, जबकि कला संकाय के छात्रों को साइंस में भेजा जा रहा है।
मामले की सूचना मिलने पर प्रखंड विकास पदाधिकारी सह प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी कुमार मुकेश विद्यालय पहुंचे। उन्होंने पूरे मामले की जांच कराने की बात कही। बीडीओ ने स्पष्ट कहा कि जांच में यदि अनियमितता की पुष्टि होती है तो प्रधानाध्यापक के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही उन्होंने निर्देश दिया कि जिन छात्रों ने ऑनलाइन आवेदन किया है तथा जिनका चयन घाघरा विद्यालय में हुआ है, उनका शीघ्र और पारदर्शी तरीके से नामांकन सुनिश्चित किया जाए।
