गोपल्लव झा AV भारत न्युज संवाददाता वीरपुर/बेगुसराय
वीरपुर प्रखंड अंतर्गत उत्क्रमित मध्य विद्यालय फजिलपुर के कक्षा आठ के छात्र मोहम्मद एहसान का चयन भारत सरकार के विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्रालय द्वारा संचालित इंस्पायर अवॉर्ड योजना के लिए किया गया है। इस उपलब्धि से विद्यालय सहित पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है।
बताया जाता है कि यह योजना कक्षा 6 से 10 तक के स्कूली बच्चों में वैज्ञानिक सोच, प्रतिभा और नवाचार को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से चलाई जाती है। इसके तहत चयनित छात्र-छात्राओं को अपने मौलिक विचारों और नवाचार पर आधारित मॉडल तैयार करने के लिए ₹10,000 की वित्तीय सहायता दी जाती है। इसके साथ ही उनके प्रोजेक्ट को जिला, राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर प्रदर्शित करने तथा विकसित करने का अवसर भी मिलता है।
इस योजना का मुख्य उद्देश्य बच्चों में विज्ञान के प्रति रुचि जगाना, वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करना तथा दैनिक जीवन की समस्याओं के समाधान के लिए नए और मौलिक विचारों को प्रोत्साहित करना है। साथ ही प्रतिभाशाली छात्रों को विज्ञान और अनुसंधान के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करना भी इसका लक्ष्य है।
उत्क्रमित मध्य विद्यालय फजिलपुर के कक्षा आठ के छात्र मोहम्मद एहसान ने अपनी प्रतिभा, नवाचार क्षमता और शिक्षकों के मार्गदर्शन से यह सफलता हासिल की है। विद्यालय के प्रधानाध्यापक रंजन कुमार झा ने बताया कि शिक्षक संतोष चौरसिया के सफल मार्गदर्शन, विद्यालय के सभी शिक्षकों के सहयोग तथा छात्र की कड़ी मेहनत और लगन से यह उपलब्धि संभव हो पाई है।
इस उपलब्धि पर विद्यालय के प्रधानाध्यापक रंजन कुमार झा सहित शिक्षक रंजन कुमार, संतोष चौरसिया, संजीव कुमार, सरोज कुमार, रौशन कुमार, शिवचंद्र कुमार, योगेश कुमार, मोहम्मद तस्लीम, मोहम्मद सलीम, अब्दुल बद्द सिद्दिकी, भारती कुमारी, कुमारी रजनी, मंटून कुमारी, संगीता कुमारी और काजल कुमारी ने मोहम्मद एहसान को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
विद्यालय परिवार ने कहा कि यह उपलब्धि अन्य छात्रों के लिए भी प्रेरणास्रोत बनेगी। वहीं इस सफलता से विद्यालय और शिक्षा जगत में खुशी और गर्व का माहौल है।
