गौरव कुमार AV भारत न्युज संवाददाता बखरी/बेगूसराय
बखरी प्रखंड अंतर्गत उच्च माध्यमिक विद्यालय, राटन में विद्यालय प्रबंधन कार्य समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में निर्णय लिया गया कि 10+2 के सभी छात्र-छात्राओं का सप्ताह में एक दिन टेस्ट लिया जाएगा, ताकि विद्यार्थियों की शैक्षणिक प्रगति का आकलन किया जा सके।
समिति ने यह भी तय किया कि प्रत्येक माह अभिभावकों, वर्तमान एवं पूर्व जनप्रतिनिधियों तथा शिक्षकों के साथ बैठक आयोजित की जाए। बैठक में विद्यालय की पढ़ाई व्यवस्था को सुदृढ़ करने पर जोर दिया गया।
विद्यालय की प्रिंसिपल कुमारी पूजा, वरीय शिक्षक रजनीश कुमार, समिति सदस्य चम्पा देवी, जदयू प्रखंड अध्यक्ष सुनील कुमार तथा लोजपा (रामविलास) के प्रखंड अध्यक्ष पंकज पासवान ने शिक्षकों को नियमित रूप से कक्षा संचालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही कहा गया कि पढ़ाई के दौरान कक्षा खाली छोड़कर कार्यालय में बैठकर बातचीत करना बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
बैठक में मध्य विद्यालय राटन के प्रधानाध्यापक अमितेश भारती को भी इसी तरह की व्यवस्था लागू करने का सुझाव दिया गया। इसके अलावा नामांकन शुल्क से संबंधित अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अति पिछड़ा वर्ग, पिछड़ा वर्ग एवं सामान्य वर्ग का शुल्क चार्ट सूचना पट पर लगाने का निर्देश दिया गया।
बैठक में रात्रि प्रहरी रितेश कुमार एवं दिलीप यादव ने भी अपनी बात रखी।
