नवीन कुमार मिश्रा AV भारत न्युज संवाददाता नावकोठी/ बेगुसराय
नावकोठी प्रखंड क्षेत्र के पहसारा पूर्वी पंचायत स्थित मजनूपुर गांव की महादलित परिवार की महिलाओं ने गैस एजेंसी पर मनमानी का आरोप लगाते हुए बखरी अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) सन्नी कुमार सौरव को आवेदन देकर न्याय की मांग की है।
प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत गैस कनेक्शन प्राप्त दर्जनों महिलाओं ने आरोप लगाया है कि गैस बुकिंग कराने के बावजूद उन्हें समय पर सिलेंडर उपलब्ध नहीं कराया जा रहा है। महिलाओं का कहना है कि उन्होंने 14 जून को गैस बुक कराई थी, लेकिन अब तक उन्हें सिलेंडर नहीं मिला।
शिकायत में महिलाओं ने आरोप लगाया है कि सोनमा स्थित एचपी गैस एजेंसी के संचालक पक्ष द्वारा ओटीपी लेने के बाद भी गैस देने से इनकार कर दिया गया। इतना ही नहीं, एजेंसी पर महिलाओं के साथ गाली-गलौज करने और धक्का देकर भगा देने का भी आरोप लगाया गया है। उनका कहना है कि वे कई बार एजेंसी का चक्कर लगा चुकी हैं, लेकिन हर बार उन्हें निराश होकर लौटना पड़ा।
पीड़ित महिलाओं ने एसडीओ से मामले की निष्पक्ष जांच कर गैस एजेंसी के विरुद्ध उचित कानूनी कार्रवाई करने तथा जल्द से जल्द गैस उपलब्ध कराने की मांग की है।
आवेदन देने वालों में फूलो देवी, काली देवी, सोनिया देवी, रिंकू देवी, सुलेना देवी, अमेरिका देवी, गनिया देवी, रामरती देवी, जयमाला देवी, रूबी देवी एवं शोभा देवी सहित अन्य महिलाएं शामिल हैं।


