गौरव कुमार AV भारत न्युज संवाददाता बखरी/बेगूसराय
सावन मास के आगमन को लेकर बखरी नगर एवं प्रखंड क्षेत्र के सभी प्रमुख शिव मंदिरों में तैयारियां लगभग पूरी कर ली गई हैं। मंदिरों की साफ-सफाई, रंग-रोगन एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दे दिया गया है, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना नहीं करना पड़े।
बखरी नगर स्थित बाबा गरीबनाथ मंदिर में प्रत्येक वर्ष सावन के दौरान हजारों की संख्या में श्रद्धालु सिमरिया गंगा घाट से पवित्र गंगाजल लेकर कांवड़ यात्रा के माध्यम से पहुंचते हैं और भगवान शिव के शिवलिंग पर जलाभिषेक कर पूजा-अर्चना करते हैं। सावन के प्रत्येक सोमवार को यहां श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ती है।

स्थानीय लोगों का मानना है कि बाबा गरीबनाथ मंदिर में सच्चे मन से मांगी गई हर मनोकामना भगवान शिव की कृपा से पूरी होती है। इसी आस्था के कारण दूर-दराज के क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु यहां दर्शन और जलाभिषेक के लिए पहुंचते हैं।
बाबा गरीबनाथ मंदिर को बखरी क्षेत्र का सबसे ऊंचे शिखर वाला मंदिर माना जाता है। सावन के पावन महीने में मंदिर परिसर पूरी तरह भक्तिमय वातावरण में डूब जाता है।


