गौरव कुमार AV भारत न्युज संवाददाता बखरी/बेगूसराय
बखरी नगर परिषद के वार्ड संख्या 27 स्थित गोढ़ियारी मोहल्ले में नल-जल योजना के पाइप से लंबे समय से हो रहे लीकेज के कारण स्थानीय लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। लगातार पाइप से पानी रिसने के कारण सड़क पर जलजमाव की स्थिति बनी हुई थी। इससे राहगीरों और वाहन चालकों को आवागमन में कठिनाई हो रही थी, वहीं आसपास के घरों के लोगों को भी काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस समस्या की शिकायत कई बार वार्ड पार्षद एवं नगर परिषद के उपसभापति से की गई, लेकिन समय पर कोई ठोस पहल नहीं होने से लोगों में नाराजगी बढ़ती गई। आखिरकार गुरुवार को आक्रोशित लोगों ने सड़क जाम कर विरोध-प्रदर्शन किया और नगर प्रशासन का ध्यान इस गंभीर समस्या की ओर आकर्षित किया।
सड़क जाम की सूचना मिलते ही नगर प्रशासन हरकत में आया। अधिकारियों के निर्देश पर सड़क पर जमा पानी को हटाने का कार्य कराया गया, जिससे जलजमाव की समस्या तत्काल समाप्त हो गई और लोगों को राहत मिली।
हालांकि, मोहल्लेवासियों का कहना है कि केवल सड़क से पानी हटाना पर्याप्त नहीं है। उन्होंने नगर प्रशासन से मांग की है कि नल-जल योजना के क्षतिग्रस्त पाइप की जल्द से जल्द स्थायी मरम्मत कराई जाए, ताकि भविष्य में दोबारा ऐसी स्थिति उत्पन्न न हो और आम लोगों को अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े।


