नवीन कुमार मिश्रा AV भारत न्युज संवाददाता नावकोठी/ बेगुसराय
नावकोठी प्रखंड क्षेत्र के पहसारा पश्चिमी पंचायत स्थित मुखिया जी चौक पर मंगलवार को जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर की बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र से जीत की खुशी में समर्थकों ने जश्न मनाया। इस अवसर पर 51 किलो लड्डू वितरित कर लोगों के बीच खुशी साझा की गई।
जी.डी. हॉस्पिटल, मंझौल के संस्थापक अमित कुमार उर्फ फूचो ने अपने निजी खर्च से 51 किलोग्राम लड्डू की व्यवस्था कर पहले माता जयमंगला मंदिर में प्रसाद अर्पित किया और बिहार की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। इसके बाद मुखिया जी चौक पर दुकानदारों, राहगीरों और स्थानीय लोगों के बीच लड्डू बांटे गए।
इस मौके पर अमित कुमार उर्फ फूचो ने कहा कि यह जीत केवल प्रशांत किशोर की नहीं, बल्कि बिहार की जनता की जीत है। उन्होंने कहा कि मतदाताओं ने विकास, शिक्षा और बेहतर भविष्य को प्राथमिकता देते हुए अपना जनादेश दिया है। उन्होंने यह भी दावा किया कि इस चुनाव परिणाम से बिहार की राजनीति को नई दिशा मिलेगी और राज्य के विकास का नया अध्याय शुरू होगा। साथ ही उन्होंने कहा कि इस चुनाव में भाजपा को हार का सामना करना पड़ा और जनता ने बदलाव के पक्ष में स्पष्ट जनादेश दिया है।
जश्न के दौरान समर्थकों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर बधाई दी और प्रशांत किशोर के समर्थन में नारे लगाए। पूरे क्षेत्र में उत्साह का माहौल बना रहा।
कार्यक्रम में भोला कुमार, मृणाल कुमार, पंकज कुमार, रामबाबू, केशव कुमार, घनश्याम कुमार, पहसारा के सरपंच प्रतिनिधि रामाशीष सिंह सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित थे। उपस्थित लोगों ने कहा कि बिहार की जनता ने विकास, शिक्षा, रोजगार और सुशासन की उम्मीद के साथ अपना जनादेश दिया है तथा आने वाले समय में राज्य में सकारात्मक बदलाव देखने को मिलेगा।


