जिला अध्यक्ष बनने पर कार्यकर्ताओं में हर्ष,दे रहे शुभकामनाएं
विजय भारती ब्यूरो AV भारत न्युज बेगूसराय
बिहार की राजनीति में युवा नेतृत्व के रूप में उभरते हुए शिव प्रकाश ‘गरीब दास’ ने अपनी मेहनत, संघर्ष और मजबूत राजनीतिक विरासत के दम पर नई पहचान बनाई है। वर्ष 2022 में वे बिहार युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष चुने गए और देशभर में सबसे अधिक वोटों से जीत दर्ज कर चर्चा में आए।
13 सितंबर 1994 को जन्मे शिव प्रकाश गरीब दास, स्व. रामदेव राय के पुत्र हैं, जो बिहार की राजनीति के दिग्गज नेताओं में गिने जाते थे। उनके पिता स्व. रामदेव राय पूर्व मंत्री और सांसद रहे तथा बछवाड़ा से छह बार विधायक चुने गए। 1984 के लोकसभा चुनाव में उन्होंने समस्तीपुर से सांसद चुने गए। उन्होंने कर्पुरी ठाकुर जैसे लोकप्रिय नेता को हराया था। कांग्रेस पार्टी और गांधी परिवार के करीबी रहे रामदेव राय ने अपने जीवनकाल में कई स्कूल-कॉलेजों की स्थापना कर सामाजिक क्षेत्र में भी अहम योगदान दिया।
शिव प्रकाश ने अपनी शिक्षा एम.कॉम तक पूरी की है और एलएलबी की पढ़ाई कर रहे हैं। उन्होंने छात्र जीवन से ही राजनीति में सक्रिय भूमिका निभानी शुरू कर दी थी।
राजनीतिक सफर की शुरुआत और निरंतर उन्नति
शिव प्रकाश ने वर्ष 2010 में बछवाड़ा विधानसभा क्षेत्र से युवा कांग्रेस के बूथ अध्यक्ष के रूप में अपने राजनीतिक करियर की शुरुआत की। इसके बाद 2013 में किरतपुर पंचायत के पंचायत अध्यक्ष चुने गए।
वर्ष 2018 में वे बछवाड़ा विधानसभा के अध्यक्ष बने और 2019 में बिहार युवा कांग्रेस के प्रदेश महासचिव निर्वाचित हुए।

वर्ष 2020 के विधानसभा चुनाव में टिकट नहीं मिलने पर उन्होंने निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ा और करीब 40 हजार वोट हासिल कर अपनी मजबूत पकड़ का परिचय दिया। बाद में उन्हें प्रदेश उपाध्यक्ष मनोनीत किया गया।
प्रदेश अध्यक्ष के रूप में पहचान
वर्ष 2022 में प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद उन्होंने संगठन को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाई। उनके नेतृत्व में युवा कांग्रेस ने कई राज्यों में चुनावी सक्रियता दिखाई। दिल्ली और कर्नाटक के विधानसभा चुनावों में उन्होंने प्रभारी के रूप में कई सीटों पर जीत दिलाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
2025 चुनाव में भी मजबूत उपस्थिति
वर्ष 2025 के विधानसभा चुनाव में उन्होंने कांग्रेस प्रत्याशी के रूप में बछवाड़ा से चुनाव लड़ा और 85,538 वोट प्राप्त किए। यह उनके क्षेत्र में मजबूत जनाधार को दर्शाता है।
विरासत और विश्वास का संगम
शिव प्रकाश गरीब दास का राजनीतिक जीवन उनके पिता की विरासत और उनके खुद के संघर्ष का संगम है। कांग्रेस नेतृत्व द्वारा उन्हें दी गई बड़ी जिम्मेदारी इस बात का प्रमाण है कि वे युवा राजनीति में एक मजबूत और प्रभावशाली चेहरा बन चुके हैं।
स्थानीय लोगों का मानना है कि आने वाले समय में वे बिहार की राजनीति में और बड़ी भूमिका निभा सकते हैं। जिला अध्यक्ष बनने पर पूर्व जिला पार्षद रामसोगारथ साह, प्रखंड अध्यक्ष यशवंत चौधरी, मंडल अध्यक्ष इन्द्रदेव राय, हरिशंकर प्रसाद, पूर्व मुखिया रामबाबू तांती, प्रकाश साह, पूर्व मुखिया जयप्रकाश सिंह सहित दर्जनों कार्यकर्ता ने शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
