गौरव कुमार AV भारत न्युज संवाददाता बखरी /बेगूसराय
बखरी नगर परिषद क्षेत्र अंतर्गत रामपुर थाना के समीप स्थित हनुमान मंदिर प्रांगण से गुरुवार को भव्य पताका यात्रा निकालकर दो दिवसीय हनुमान प्राकट्योत्सव का शुभारंभ किया जाएगा। इस आयोजन को लेकर क्षेत्र में उत्साह का माहौल है।
भाजपा नेता कृष्ण मोहन चौधरी ने जानकारी देते हुए बताया कि गुरुवार सुबह 7 बजे मंदिर परिसर में विधिवत पूजा-अर्चना शुरू होगी।
इसके बाद सुबह 8 बजे हनुमान मंदिर से पताका यात्रा निकलेगी, जो रामपुर, सलौना होते हुए स्टेशन मार्ग से महादेव स्थान चौक तक जाएगी। वहां से यह यात्रा अंबेडकर चौक होते हुए पुनः हनुमान मंदिर परिसर में आकर संपन्न होगी।
यात्रा के उपरांत श्रद्धालुओं के बीच हनुमान चालीसा का वितरण किया जाएगा और विश्व कल्याण के लिए सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ का आयोजन किया जाएगा। इसके समापन पर आरती कर प्रसाद वितरण किया जाएगा।
दोपहर 2 बजे से मर्यादापुरुषोत्तम भगवान श्रीराम का सपरिवार पूजन किया जाएगा, जिसके बाद सीताराम संकीर्तन कार्यक्रम आरंभ होगा।
आयोजन समिति द्वारा पताका यात्रा में भाग लेने के इच्छुक श्रद्धालुओं के लिए निःशुल्क पंजीयन की व्यवस्था की गई है। इच्छुक लोग रामपुर स्थित खुशी फार्मा, हनुमान मंदिर परिसर, राजेश पान दुकान, आयुष मेडिकल, डॉ. कमलेश एवं डॉ. विजय के यहां पंजीयन करा सकते हैं। पंजीकृत श्रद्धालुओं के बीच पताका वितरित किए जाएंगे, जबकि शेष पताकाओं का वितरण “पहले आओ, पहले पाओ” के आधार पर किया जाएगा।
समिति सदस्यों ने क्षेत्र के अधिक से अधिक लोगों से इस धार्मिक आयोजन में शामिल होकर इसे सफल बनाने की अपील की है।
