विजय भारती ब्यूरो प्रमुख।
पूर्व मंत्री सुरेंद्र मेहता बोले- ऐसे कर्मठ कार्यकर्ता ही संगठन की असली ताकत, उनकी कमी हमेशा खलेगी

भगवानपुर प्रखंड क्षेत्र के चंदौर पंचायत के भाजपा बूथ अध्यक्ष स्व. अर्जुन शर्मा की स्मृति में मंगलवार को श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। सभा में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और पदाधिकारी शामिल हुए। सभी ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की तथा शोकाकुल परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।

कार्यक्रम में पहुंचे स्थानीय विधायक सह पूर्व मंत्री सुरेंद्र मेहता ने स्व. अर्जुन शर्मा को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि वे भाजपा के समर्पित, कर्मठ और जमीनी कार्यकर्ता थे। उन्होंने कहा कि अर्जुन शर्मा ने जीवनभर संगठन की मजबूती के लिए निष्ठापूर्वक कार्य किया और कार्यकर्ताओं के बीच उनकी अलग पहचान थी।

सुरेंद्र मेहता ने कहा कि बूथ स्तर के कार्यकर्ता ही किसी भी राजनीतिक दल की सबसे बड़ी ताकत होते हैं। अर्जुन शर्मा जैसे समर्पित कार्यकर्ताओं के अथक परिश्रम और संगठन के प्रति उनकी निष्ठा ने भाजपा को मजबूत आधार प्रदान किया है। उन्होंने कहा कि उनका निधन संगठन के लिए अपूरणीय क्षति है और चंदौर पंचायत में उनकी कमी हमेशा महसूस की जाएगी।

श्रद्धांजलि सभा में बछवाड़ा विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न मंडलों से बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता पहुंचे। इस दौरान बलराम सिंह, पंकज कुमार पासवान, महेंद्र महतो, अवध महतो, पंकज कुशवाहा, हेमंत चौधरी, मनसुरचक मंडल अध्यक्ष मनोज गुप्ता, हरिओम, चमथा दियारा मंडल अध्यक्ष रौशन कुमार, भाजपा नेता मनीष सिंह, बूथ अध्यक्ष विनोद तांती, बिहारी पोद्दार, भगवानपुर मंडल महामंत्री चंद्रशेखर यादव, पूर्व पंचायत अध्यक्ष उमा पोद्दार, पूर्व पंचायत अध्यक्ष ठाकुर प्रसाद, बछवाड़ा दक्षिणी मंडल अध्यक्ष नवनीत रंजन, बछवाड़ा उत्तरी मंडल अध्यक्ष सोनू कुमार, दिलीप महतो सहित कई पदाधिकारी एवं में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

सभा के अंत में उपस्थित कार्यकर्ताओं ने स्व. अर्जुन शर्मा के संगठन के प्रति समर्पण को याद करते हुए उनके बताए मार्ग पर चलने और संगठन को और मजबूत बनाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के आरंभ में स्थानीय विधायक सुरेंद्र मेहता ने उपस्थित सभी कार्यकर्ताओं को स्वर्गीय अर्जुन शर्मा के स्मृति में अंग वस्त्र देकर उन्हें याद किया।


