नवीन कुमार मिश्रा AV भारत न्युज संवाददाता बेगूसराय
चेरिया बरियारपुर में स्वतंत्रता दिवस के दिन समाचार संकलन के दौरान स्थानीय पत्रकार के साथ कथित दुर्व्यवहार और मोबाइल छीनने के मामले में प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी अतहर हुसैन ने सकरबासा गढ़सायल विद्यालय पहुंचकर मामले की जांच की। इस दौरान उन्होंने संबंधित शिक्षक से घटना के संबंध में जानकारी ली और विद्यालय की स्थिति का जायजा लिया।
बताया जाता है कि 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम के दौरान समाचार संकलन करने पहुंचे स्थानीय पत्रकार अरुण साह के साथ विद्यालय के एक शिक्षक द्वारा कथित रूप से दुर्व्यवहार किया गया था। पत्रकार का आरोप है कि रिपोर्टिंग के दौरान उन्हें समाचार संकलन करने से रोका गया और उनका मोबाइल भी छीन लिया गया।
घटना को लेकर पत्रकार ने बिहार लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी के समक्ष लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। मामले में आगामी 3 सितंबर को पहली सुनवाई निर्धारित की गई है। बताया गया कि सुनवाई की तिथि तक दोनों पक्षों के बीच किसी प्रकार का समझौता नहीं हुआ है। ऐसे में सुनवाई के दौरान शिकायतकर्ता की ओर से लगाए गए आरोप और संबंधित पक्ष के जवाब के आधार पर आगे की कार्रवाई की स्थिति स्पष्ट होगी।
जांच के दौरान प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी अतहर हुसैन ने संबंधित शिक्षक को स्पष्ट चेतावनी दी कि भविष्य में पत्रकारों के साथ इस तरह का व्यवहार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि विद्यालय में समाचार संकलन के लिए आने वाले पत्रकारों के साथ मर्यादित और सम्मानजनक व्यवहार होना चाहिए। साथ ही रिपोर्टिंग के दौरान किसी तरह की अनावश्यक विवाद की स्थिति नहीं उत्पन्न होनी चाहिए।
इधर, घटना को लेकर स्थानीय पत्रकारों में भी रोष है। पत्रकारों का कहना है कि समाचार संकलन करना पत्रकारिता का महत्वपूर्ण हिस्सा है। रिपोर्टिंग के दौरान किसी पत्रकार के साथ दुर्व्यवहार करना या उसे समाचार संकलन से रोकना गंभीर विषय है। पत्रकारों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी पाए जाने वाले व्यक्ति के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की मांग की है।


