गौरव कुमार AV भारत न्युज संवाददाता बखरी/बेगूसराय
युवा जदयू के प्रखंड अध्यक्ष नीरज कुमार ने बखरी विद्युत विभाग के कनीय अभियंता को आवेदन सौंपकर क्षेत्र में हो रही अनियमित बिजली कटौती पर गंभीर चिंता जताई है। उन्होंने कहा कि बिना किसी पूर्व सूचना के बार-बार बिजली काटे जाने से आम जनता को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।दिए गए आवेदन में कहा है कि विशेष रूप से रात के समय होने वाली अनियमित बिजली कटौती से गरीब, मजदूर एवं आम लोगों की दिनचर्या प्रभावित हो रही है। दिनभर मेहनत करने वाले लोगों को रात में पर्याप्त आराम नहीं मिल पाता, जिससे उनके स्वास्थ्य पर भी प्रतिकूल असर पड़ रहा है।
उन्होंने विद्युत विभाग से मांग की है कि बिजली कटौती के लिए एक निश्चित समय-सीमा निर्धारित की जाए। यदि किसी तकनीकी या अन्य आवश्यक कारणों से बिजली आपूर्ति बाधित करनी पड़े, तो इसकी पूर्व सूचना उपभोक्ताओं को दी जाए तथा निर्धारित समय का पालन सुनिश्चित किया जाए। साथ ही, यथासंभव रात के समय नियमित बिजली आपूर्ति बनाए रखने की भी अपील की है।


