गौरव कुमार AV भारत न्युज संवाददाता बखरी/बेगूसराय
घाघड़ा निवासी वार्ड सदस्य चैतू पासवान के 28 वर्षीय पुत्र अनिल पासवान की छत से गिरने के बाद इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। वहीं, पत्नी और मां समेत परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है।
स्थानीय लोगों के अनुसार सोमवार की रात भीषण उमस और गर्मी के कारण बिजली नहीं थी। गर्मी से परेशान होकर अनिल छत पर सोने चले गए थे। इसी दौरान अचानक बारिश शुरू हो गई। बारिश से बचने के लिए जब वह नीचे उतरने लगे, तो अंधेरा होने के कारण सीढ़ी की दिशा भटक गए और छत से सीधे घर के बगल की सड़क पर जा गिरे।
घटना के बाद परिजन आनन-फानन में उन्हें बखरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे। वहां चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल, बेगूसराय रेफर कर दिया। सदर अस्पताल में इलाज के दौरान उनकी हालत गंभीर बनी रही। मंगलवार की सुबह चिकित्सकों ने उन्हें पटना रेफर किया, लेकिन पटना ले जाने के दौरान रास्ते में ही अनिल ने दम तोड़ दिया।
बताया जाता है कि अनिल की शादी करीब एक वर्ष पहले लक्ष्मी कुमारी (25) से हुई थी। उनकी पत्नी वर्तमान में चार माह की गर्भवती हैं। पति की मौत की खबर के बाद लक्ष्मी कुमारी का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, बेटे की मौत से मां आशा देवी बेसुध हैं। बुजुर्ग पिता चैतू पासवान भी बेटे के निधन पर फफक-फफक कर रो रहे हैं।
अनिल चार भाइयों में सबसे छोटे थे। घटना के बाद पूरे गांव में मातम का माहौल है।


