नवीन कुमार मिश्रा AV भारत न्युज संवाददाता नावकोठी/बेगूसराय
नावकोठी थाना क्षेत्र अंतर्गत रजाकपुर गांव में बुधवार की देर रात अचानक एक घर में आग लग गई। आग लगने से घर में रखा अनाज, नकदी, खाद्य सामग्री, कपड़े, जरूरी कागजात, मवेशियों का चारा सहित दैनिक उपयोग का सामान जलकर राख हो गया। घटना में लाखों रुपये के सामान के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है।
घटना के संबंध में रजाकपुर वार्ड संख्या-13 निवासी पीड़ित संजीत महतो ने बताया कि रात करीब 1:30 बजे अचानक उनके फूस और एस्बेस्टस के घर में आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि जब तक आसपास के लोग मौके पर पहुंचकर आग बुझाने का प्रयास करते, तब तक घर में रखा काफी सामान जल चुका था।
पीड़ित के अनुसार आग में करीब दो क्विंटल मक्का, पांच क्विंटल गेहूं, बक्से में रखा 20 हजार रुपये नकद, जरूरी कागजात, मवेशियों का चारा, भूसा-दाना सहित घर का अन्य सामान जलकर राख हो गया।
आग लगने की सूचना के बाद मुखिया प्रतिनिधि मुकेश कुमार और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों के सहयोग तथा अग्निशमन विभाग की दमकल की मदद से काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। इससे आग को आसपास के घरों तक फैलने से रोका जा सका।
मुखिया प्रतिनिधि मुकेश कुमार ने अग्निपीड़ित परिवार से मुलाकात कर घटना की जानकारी ली और सरकार की ओर से मिलने वाली सहायता दिलाने का भरोसा दिया।
वहीं, पीड़ित संजीत महतो ने अंचल अधिकारी और थानाध्यक्ष से घटना की जांच कराने, आवश्यक कार्रवाई करने तथा सरकारी स्तर पर सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है।


