नवीन कुमार मिश्रा AV भारत न्युज संवाददाता नावकोठी/बेगूसराय
नावकोठी थाना क्षेत्र अंतर्गत समसा पंचायत में पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर बड़ी मात्रा में विदेशी शराब बरामद की है। हालांकि, पुलिस की कार्रवाई के दौरान शराब कारोबारी घर से फरार हो गया।
थानाध्यक्ष मोहम्मद फिरदौस ने बताया कि गुप्त सूचना के सत्यापन के दौरान समसा पंचायत के वार्ड संख्या 16 निवासी मनोज सहनी, पिता रामाशीष सहनी, के घर पर छापेमारी की गई। इस दौरान घर से इंपीरियल ब्लू व्हिस्की 750 एमएल की 22 बोतल, रॉयल स्टैग व्हिस्की 750 एमएल की 31 बोतल, मैजिक मोमेंट वोडका 750 एमएल की 10 बोतल और बकार्डी 750 एमएल की 6 बोतल बरामद की गई।
पुलिस के अनुसार बरामद शराब की कुल मात्रा 51.57 लीटर है। शराब बरामदगी के दौरान मनोज सहनी घर पर मौजूद नहीं था और पुलिस को देखकर फरार हो गया। मामले में मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।
वहीं, फरार शराब कारोबारी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।
विदित हो कि बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम, 2016 के तहत राज्य में शराब के निर्माण, बिक्री, भंडारण, परिवहन और सेवन पर प्रतिबंध है।


