गौरव कुमार AV भारत न्युज संवाददाता बखरी/बेगूसराय
अनुमंडल कार्यालय बखरी में “स्वच्छता ही सेवा 2025” अभियान की तैयारी को लेकर बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता एसडीएम सन्नी कुमार सौरव ने की। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि इस वर्ष अभियान के अंतर्गत स्वच्छ एवं हरित त्योहार मनाने की परंपरा को बढ़ावा दिया जाएगा, ताकि समाज में स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़े।एसडीएम ने जानकारी दी कि 24 सितंबर को बखरी पीएचसी में स्वेच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया जाएगा। इसमें अनुमंडल मुख्यालय के सभी कार्यालयों के अधिकारी एवं कर्मी भाग लेंगे। आम लोगों से भी इस शिविर में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की गई है।एसडीएम सन्नी कुमार सौरव ने कहा कि यह अभियान केवल एक सरकारी पहल न होकर एक जन आंदोलन बनना चाहिए। इसके अंतर्गत पौधारोपण, सभी सरकारी कार्यालयों की सफाई, बाजार, सड़क, तालाब व अन्य सार्वजनिक स्थलों पर विशेष सफाई अभियान चलाया जाएगा। नारी शक्ति अभियान के तहत महिलाओं के स्वास्थ्य परीक्षण की भी योजना है। एसडीपीओ कुंदन कुमार बैठक में उपस्थित एसडीपीओ कुंदन कुमार ने कहा कि स्वच्छता केवल सरकारी कार्यक्रम तक सीमित नहीं है, बल्कि यह हर नागरिक का सामाजिक दायित्व है। यदि हम सभी सामूहिक रूप से जागरूक होकर कार्य करें, तो स्वच्छ, स्वस्थ एवं सुंदर समाज का निर्माण संभव है। बैठक में अनुमंडल कृषि पदाधिकारी, बीएओ ओमप्रकाश यादव, बीएचएम सुरेंद्र कुमार, बखरी थाना के एसआई मनीष पंडित, रुद्रनारायण प्रसाद दिनकर, कौशल कुमार, उच्च वरीय लिपिक संजीव कुमार सहित कई अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद थे।
