प्रखंड प्रमुख द्वारा आंगनबाड़ी केंद्र की जांच के दौरान सेविका ने लगाया आरोप
विजय भारती ब्यूरो AV भारत न्यूज बेगूसराय।
भगवानपुर (बेगूसराय): प्रखंड कार्यालय परिसर स्थित बाल विकास परियोजना कार्यालय में व्याप्त भ्रष्टाचार का का भंडाफोड़ किये जाने का मामला प्रकाश में आया है। उक्त मामले में प्रखंड प्रमुख इंद्रजीत कुमार ने बाल विकास परियोजना कार्यालय में भ्रष्टाचार व्याप्त होने का आरोप लगाते हुए जिलाधिकारी बेगूसराय को पत्र लिखा है।जिसकी प्रतिलिपि प्रधान सचिव समाज कल्याण विभाग पटना बिहार, जिला प्रोग्राम पदाधिकारी बेगूसराय को विडियो क्लिप के साथ भेजा है। उन्होंने अपने आवेदन में कहा है कि उनके द्वारा आंगनबाड़ी केंद्र की जांच के दौरान बाल विकास परियोजना पदाधिकारी भगवानपुर के द्वारा आंगनबाड़ी केंद्र से पोषाहार आवंटित राशि से प्रति केन्द्र 20 प्रतिशत और अंडा बाउचर के नाम पर प्रत्येक माह 500 रुपए एवं प्रति किशोरी 50 रूपए की अवैध वसूली का शिकायत प्राप्त हुआ है। उनके द्वारा मेंहदौली पंचायत

अंतर्गत आंगनबाड़ी केंद्र संख्या 48 की जांच के दौरान सेविका क्रांति कुमारी द्वारा बताया गया कि पोषाहार आवंटित राशि का 20 प्रतिशत रुपए और अंडा का प्रत्येक माह 500 रुपए एवं प्रति किशोरी 50 रूपए महिला पर्यवेक्षिका नितु कुमारी के द्वारा ली गई। फिर भी नितू कुमारी के द्वारा 500 रुपए अतिरिक्त सेविका से वसूला गया। इतना ही नहीं पर्यवेक्षिका नितु कुमारी द्वारा सेविका क्रांति कुमारी को धमकी भी दी गई कि अगर किसी को रुपए की लेन देन के बारे में बताओगी तो बाल विकास परियोजना पदाधिकारी भगवानपुर एवं जिला प्रोग्राम पदाधिकारी के द्वारा उसे चयन मुक्त करवा दूंगी।इस धमकी से सेविका में भय बना हुआ है। उक्त मामले को लेकर प्रखंड प्रमुख इंद्रजीत कुमार ने जिलाधिकारी बेगूसराय से निवेदन किया है कि ऐसे भ्रष्ट बाल विकास परियोजना पदाधिकारी भगवानपुर व पर्यवेक्षिका नितु कुमारी के कार्य की जांच करते हुए उसके खिलाफ उचित कार्रवाई की जाय।
