विद्युत चोरी पर विभाग की बड़ी कार्रवाई से हड़कंप
गौरव कुमार AV भारत न्युज संवाददाता बखरी/बेगूसराय
नार्थ बिहार पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड पटना के निर्देशानुसार विद्युत चोरी के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बखरी में बड़ी कार्रवाई की गई है। विद्युत अधीक्षण अभियंता, बेगूसराय के आदेश पर गठित छापेमारी दल ने बखरी नगर परिषद स्थित गौशाला रोड स्थित एक प्रतिष्ठान में छापेमारी कर लगभग 2.66 लाख रुपये की विद्युत चोरी का खुलासा किया।इस छापेमारी में शामिल दल में एसटीएफ के सहायक विद्युत अभियंता मुकेश कुमार सिंह, कनीय अभियंता अगित्त कुमार, जेई रवि कुमार समेत कई अधिकारी शामिल थे।
गुप्त सूचना के आधार पर किए गए इस छापेमारी में उपभोक्ता संख्या 11720044925 के उपभोक्ता स्व नंदलाल खेतान के पुत्र विवेक खेतान के हनुमान धर्म कांटा, राइस मिल परिसर में यह चोरी पकड़ी गई। छानबीन के दौरान पाया गया कि उपभोक्ता का विद्युत कनेक्शन पहले से ही डिस्कनेक्ट था, इसके बावजूद मीटर संख्या C-4184102 में 23650 यूनिट की खपत दर्ज थी, जिसकी अनुमानित राशि 2,09,256 रूपया आंकी गई है।
इसके अलावा मीटर को बायपास कर अवैध तार के माध्यम से भी बिजली की खपत की जा रही थी, जिससे कंपनी को अलग से 57,099 रूपया की क्षति हुई। इस प्रकार कुल मिलाकर विद्युत विभाग को 2,66,355 रूपया की आर्थिक क्षति हुई है। इसमें कम्पाउंडिंग राशि शामिल नहीं है।
मौके से विद्युत विभाग की टीम ने जरूरी साक्ष्य व उपकरण जब्त किए हैं। आरोपित उपभोक्ता की ओर से कोई भी वैध दस्तावेज तत्काल उपलब्ध नहीं कराया गया। इस संबंध में विद्युत विभाग की ओर से बखरी थाना में प्राथमिकी दर्ज कराया गया है।जेई ने बताया कि विद्युत विभाग बिजली चोरी की घटनाओं पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है। दोषी व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।
