गौरव कुमार AV भारत न्युज संवाददाता बखरी/बेगूसराय
बखरी विधानसभा चुनाव को लेकर पहले चरण की अधिसूचना जारी होते ही शुक्रवार से नामांकन प्रक्रिया प्रारंभ होना है। प्रशासन द्वारा इससे संबंधित सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। नामांकन के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अनुमंडल कार्यालय परिसर सहित पूरे क्षेत्र में कड़े सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं।
निर्वाची पदाधिकारी सह एसडीओ सन्नी कुमार सौरव और एसडीपीओ कुंदन कुमार द्वारा संयुक्त आदेश जारी करते हुए अनुमंडल कार्यालय परिसर एवं उसके आसपास धारा 163 के तहत जुलूस व भीड़-भाड़ पर प्रतिबंध लगाया गया है। सुरक्षा के मद्देनजर पूरे परिसर की बैरिकेडिंग की गई है और छह स्थानों पर दंडाधिकारी व पुलिस पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है।
एसडीएम श्री सौरव ने जानकारी दी कि नामांकन पत्र दाखिल करने की प्रक्रिया प्रतिदिन सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक चलेगी। प्रत्याशियों को पांच लोगों के साथ ही नामांकन कक्ष में प्रवेश की अनुमति दी गई है। अनुमंडल परिसर में वाहनों की आवाजाही पर रोक लगाई गई है, और सभी प्रत्याशी तथा उनके साथ आए लोग ड्रॉप गेट से पैदल ही नामांकन कक्ष तक जाएंगे।
यातायात व्यवस्था बनाए रखने की जिम्मेदारी स्थानीय थानाध्यक्ष को सौंपी गई है। साथ ही वाहनों की पार्किंग के लिए शकरपुरा उच्च विद्यालय के मैदान को निर्धारित किया गया है। इस दौरान आदर्श आचार संहिता का सख्ती से पालन कराने के निर्देश भी दिए गए हैं, और उल्लंघन की स्थिति में त्वरित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन द्वारा सुरक्षा व्यवस्था के तहत बखरी प्रखंड मुख्यालय, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी आवास, तीनमुहानी सड़क, अनुमंडल कार्यालय के मुख्य द्वार सहित कुल चार स्थानों पर बैरिकेटिंग की गई है। वहीं, विभिन्न स्थानों पर दंडाधिकारी व पुलिस पदाधिकारी की तैनाती सुनिश्चित की गई है।
नामांकन कक्ष के आसपास भारी संख्या में पुलिस बल, डाटा ऑपरेटर और अन्य कर्मी मौजूद रहेंगे। परिसर में प्रवेश करने वाले सभी व्यक्तियों की गहन जांच-पड़ताल की जाएगी। इसके अलावा, नामांकन से जुड़ी सभी गतिविधियों की वीडियोग्राफी भी कराई जाएगी। प्रत्याशियों के लिए वेटिंग हॉल की व्यवस्था की गई है, जहां बारी-बारी से नामांकन लिया जाएगा।
प्रशासन की सख्ती और चौकसी से साफ है कि इस बार बखरी विधानसभा चुनाव की प्रक्रिया पूर्णतः शांतिपूर्ण और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराई जाएगी।
