गौरव कुमार AV भारत न्युज संवाददाता बखरी/बेगूसराय
आगामी बिहार विधानसभा चुनाव 2025 को सफलतापूर्वक संपन्न कराने को लेकर बखरी अनुमंडल प्रशासन पूरी सक्रियता के साथ तैयारियों में जुटा हुआ है। इसी क्रम में बुधवार को अनुमंडल कार्यालय सभागार में निर्वाची पदाधिकारी सह एसडीएम सन्नी कुमार सौरव की अध्यक्षता में वाहन एवं सामग्री कोषांग के साथ सेक्टर पदाधिकारियों की एक अहम समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में बखरी, गढ़पुरा, नावकोठी और डंडारी प्रखंडों के सभी सहायक निर्वाची पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी अंचलाधिकारी सहित वाहन व सामग्री कोषांग से जुड़े सभी कर्मी मौजूद रहे।
बैठक का मुख्य उद्देश्य निर्वाचन कार्यों में वाहनों की उपलब्धता, आवंटन, रखरखाव, दस्तावेजों की जांच और लॉगबुक प्रबंधन की तैयारियों की समीक्षा करना था। एसडीएम सन्नी कुमार सौरव ने बैठक में मौजूद सभी पदाधिकारियों को उनके-अपने दायित्व स्पष्ट रूप से सौंपते हुए कार्य विभाजन का निर्देश दिया।
उन्होंने कहा कि मतदान दलों, सुरक्षा बलों एवं निर्वाचन सामग्री के आवागमन के लिए वाहनों का कुशल प्रबंधन अत्यंत आवश्यक है। बैठक में विभिन्न प्रकार के वाहनों की आवश्यकता और उपलब्धता को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। बोलेरो, स्कॉर्पियो, इनोवा, मैक्सी, पिकअप भान, सिटी राइड, विंगर, ट्रैवलर और बस जैसे वाहनों की पर्याप्त संख्या में व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
एसडीएम ने सभी पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि वे वाहनों के रखरखाव स्थल पर नियमित रूप से उपस्थिति दर्ज करें तथा प्रत्येक वाहन की लॉगबुक अनिवार्य रूप से तैयार करें, जिसमें वाहन की आवाजाही, ईंधन की खपत और चालक की जानकारी स्पष्ट रूप से अंकित हो। साथ ही, वाहनों के सभी आवश्यक दस्तावेज जैसे पंजीकरण, बीमा एवं फिटनेस प्रमाणपत्र की जांच सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया गया।
बैठक में वाहनों की तैनाती से लेकर वापसी तक की प्रक्रिया को सुव्यवस्थित रूप से संचालित करने पर भी चर्चा हुई। एसडीएम ने स्पष्ट किया कि निर्वाचन कार्यों से संबंधित सभी अधिकारी समय पर रिपोर्ट प्रस्तुत करें और किसी भी प्रकार की समस्या की सूचना तुरंत नियंत्रण कक्ष एवं उन्हें व्यक्तिगत रूप से दें।
अंत में उन्होंने कहा कि निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार सभी कार्यों को पारदर्शिता और अनुशासन के साथ निष्पादित किया जाए, ताकि मतदान प्रक्रिया में किसी प्रकार का व्यवधान उत्पन्न न हो।
बैठक में अनुमंडल कृषि पदाधिकारी प्रशांत कुमार, बखरी बीडीओ कुमार मुकेश, सीओ राकेश कुमार चौधरी, प्रतिनियुक्त शिक्षक शुभंकर कुमार, रुद्रनारायण प्रसाद दिनकर, कौशल कुमार, मंतोष कुमार सहित गढ़पुरा, नावकोठी व डंडारी के सभी वरीय अधिकारी एवं सेक्टर पदाधिकारी उपस्थित थे।
