मिंटू कुमार झा AV भारत न्युज संवाददाता
मंसूरचक (बेगूसराय): मनरेगा की योजनाओं में धांधली और फर्जी उपस्थिति की शिकायतों पर रोक लगाने के लिए अब विभाग ने मजदूरों का ई-केवाईसी अनिवार्य कर दिया है। इसको लेकर बुधवार को प्रखंड कार्यालय में मनरेगा कार्यक्रम पदाधिकारी दीपू कुमार की अध्यक्षता में बैठक की गई।बैठक में सभी संबंधित कर्मियों को निर्देश दिया गया कि मनरेगा से जुड़े मजदूरों का ई-केवाईसी अपडेट करने का कार्य अविलंब पूरा कराया जाए, ताकि आगामी कार्यों के संचालन में किसी प्रकार की समस्या उत्पन्न न हो।

कार्यक्रम पदाधिकारी ने बताया कि विभाग की नई व्यवस्था के तहत बिना ई-केवाईसी वाले मजदूर मनरेगा के तहत काम नहीं कर पाएंगे। इसके साथ ही मजदूरों के भुगतान में भी विलंब की स्थिति बन सकती है। उन्होंने कहा कि पारदर्शिता बढ़ाने और फर्जी मजदूरों को सूची से बाहर करने के लिए यह कदम जरूरी है। मनरेगा पीओ के निर्देश पर मंसूरचक पंचायत भवन पर पंचायत रोजगार सेवक ब्रजेश कुमार ने ई-केवाईसी मुहिम में लगातार बढ़ चढकर कार्य में लगे हुए हैं।
मुखिया प्रतिनिधि अरमान कुरैशी ने भी मंसूरचक पंचायत वासियों से कहा कि ई- केवाईसी अधिक से अधिक लोग करवाएं। मौके पर लेखापाल सच्चिदानंद,पीटीए हरिनंदन चौधरी,ओपीटी नीतीश कुमार, पंचायत रोजगार सेवक अमित कुमार,लोकेश कुमार,रामानंद सहनी सहित अन्य मौजूद थे।
