गौरव कुमार AV भारत न्युज संवाददाता बखरी/ बेगूसराय
मुख्य बाजार स्थित महादेव स्थान चौक पर जितेन्द्र कुमार के दोनों व्यवसायिक प्रतिष्ठानों सानू ट्रेडर्स व प्रियंका ट्रेडर्स में शुक्रवार देर रात भीषण आग लग गई। घटना में लाखो रुपये से अधिक की संपत्ति जलकर राख हो गई। रात करीब डेढ़ बजे रात्रि प्रहरी ने धुआं देखकर सूचना दी, लेकिन तब तक आग विकराल रूप ले चुकी थी। अनुमंडल अग्निशामालय की दो बड़ी और दो छोटी गाड़ियों ने साढ़े चार घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
शनिवार दोपहर तक भी जले हुए सामान से धुआं उठता रहा।आग बुझाने के दौरान बखरी गोशाला स्थित वाटर टावर की मोटर खराब मिलने से दमकल गाड़ियों को बिना पानी लौटना पड़ा और फिर अनुमंडल परिसर के वाटर टावर से पानी भरना पड़ा, जिससे आग और फैल गई। घटना की जानकारी मिलने पर गन्ना उद्योग मंत्री व विधायक संजय पासवान ने पीड़ित व्यवसायी से बात की, जबकि पूर्व विधायक सूर्यकांत पासवान ने घटनास्थल पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और ढांढस बंधाया।
