गौरव कुमार AV भारत न्युज संवाददाता बखरी/बेगूसराय
बुधवार की देर शाम बखरी–मंझौल पथ पर हीरो एजेंसी के समीप स्थित एक दुकान में अचानक आग लग गई। इस घटना में दुकान में रखे सभी बाइक पार्ट-पुर्जे, फर्नीचर, लेथ मशीन समेत अन्य सामान जलकर राख हो गए। आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है।
आग लगने की सूचना मिलते ही दमकल कर्मी, पुलिस प्रशासन और स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए। सभी के संयुक्त प्रयास से करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। समय रहते आग पर नियंत्रण नहीं पाया जाता तो आसपास की दुकानों और रिहायशी इलाकों को भी भारी नुकसान हो सकता था।
पीड़ित दुकानदार सोनमा निवासी करण कुमार ने बताया कि वे रोज की तरह दुकान बंद कर घर जा रहे थे, तभी रास्ते में उन्हें फोन से दुकान में आग लगने की सूचना मिली। वे तुरंत वापस पहुंचे और शटर उठाया, लेकिन तब तक लेथ मशीन, बाइक के पार्ट-पुर्जे और अन्य सामान पूरी तरह जल चुके थे।
दुकानदार ने इस घटना में करीब 10 लाख रुपये की क्षति होने का अनुमान लगाया है। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल रहा, हालांकि दमकल कर्मियों की तत्परता से एक बड़ी दुर्घटना टल गई।
