गौरव कुमार AV भारत न्युज संवाददाता बखरी/बेगूसराय
श्री श्रीकृष्ण गौशाला, बखरी की ओर से आगामी 14 जनवरी को मकर संक्रांति के पावन अवसर पर तुला दान कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इस संबंध में जानकारी देते हुए गौशाला अध्यक्ष सह एसडीएम सन्नी कुमार सौरव ने बताया कि सनातन परंपरा में तुला दान का विशेष धार्मिक महत्व है और इसे पुण्य फल प्रदान करने वाला माना गया है।एसडीएम ने बताया कि तुला दान में व्यक्ति अपने शरीर के वजन के बराबर अनाज का दान करता है, जिससे धार्मिक एवं आध्यात्मिक लाभ प्राप्त होता है।
गौशाला के सचिव कैलाश शर्मा ने बताया कि तुला दान करने वाले श्रद्धालुओं को एक सहयोग राशि देनी होगी। इसके बदले गौशाला समिति की ओर से गुड़, नमक, तेल, मक्का, गेहूं, सुधा दाना, चोकर एवं हरा चारा आदि की समुचित व्यवस्था की जाएगी।
वहीं गौशाला के सह सचिव विवेक खेतान उर्फ गुड्डू खेतान ने बताया कि सोलह महादानों में तुला दान प्रथम महादान माना जाता है, जिसकी परंपरा अत्यंत प्राचीन और पौराणिक काल से चली आ रही है। उन्होंने कहा कि सबसे पहले भगवान श्रीकृष्ण ने तुला दान किया था, इसके बाद राजा अम्बरीष, परशुराम जी और भक्त प्रह्लाद ने भी तुला दान किया। उन्होंने कहा कि कलियुग में भी तुला दान का विशेष महत्व रहा है और लोगों से अधिक से अधिक संख्या में इस पुण्य कार्य में भाग लेने की अपील की।
