गौरव कुमार AV भारत न्युज संवाददाता बखरी/बेगूसराय
रविवार को बखरी व्यापार संघ के नव निर्वाचित प्रतिनिधियों का शपथ ग्रहण समारोह भव्य रूप से आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय व्यापारियों की उपस्थिति रही, जिन्होंने नव निर्वाचित पदाधिकारियों को शुभकामनाएं दीं।
समारोह के दौरान नव निर्वाचित अध्यक्ष मनोज चौधरी, उपाध्यक्ष अभिमन्यु केशरी, सचिव विवेक खेतान सहित अन्य प्रतिनिधियों को निर्वाचन पदाधिकारी संतोष शर्मा द्वारा पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई गई। इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि व्यापार संघ व्यापारियों की समस्याओं के समाधान और उनके अधिकारों की रक्षा के लिए सदैव तत्पर रहेगा।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि गन्ना उद्योग मंत्री संजय पासवान ने अपने संबोधन में कहा कि एक मजबूत और संगठित व्यापार संघ क्षेत्र के आर्थिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने नव निर्वाचित प्रतिनिधियों से आपसी सहयोग, पारदर्शिता और समर्पण के साथ कार्य करने का आह्वान किया। वहीं विधान परिषद सदस्य सर्वेश कुमार ने कहा कि व्यापार संघ न केवल व्यापारियों की आवाज़ है, बल्कि स्थानीय विकास में भी उसकी अहम भूमिका होती है। उन्होंने विश्वास जताया कि नया नेतृत्व व्यापारियों की अपेक्षाओं पर खरा उतरेगा और बखरी के व्यापार को नई ऊंचाइयों तक ले जाएगा।
मौके पर मुख्य पार्षद गीता कुशवाहा, उपसभापति ज्ञानती देवी, जिला परिषद सदस्य अमित देव, भाजपा जिलाध्यक्ष राजीव वर्मा, सपा जिलाध्यक्ष दिलीप केशरी, प्रशांत देव, प्रवीण साहू, सिधेश आर्य, लोजपा (रा) प्रखंड अध्यक्ष पंकज पासवान, राम दयाल केशरी सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन पूर्व मुखिया मनोहर केशरी ने किया।
