गौरव कुमार AV भारत न्युज संवाददाता बखरी/बेगूसराय
बखरी थाना क्षेत्र में कोडीन युक्त कफ सिरप की अवैध बिक्री एक गंभीर समस्या बनती जा रही है। मेडिकल नियमों के अनुसार कोडीन युक्त कफ सिरप केवल डॉक्टर की पर्ची पर ही बेची जानी चाहिए, लेकिन क्षेत्र के कई स्थानों पर बिना किसी चिकित्सीय पर्ची के इसकी बिक्री होने की शिकायतें लगातार सामने आ रही हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि कुछ मेडिकल दुकानों तथा गुप्त ठिकानों से युवाओं को यह सिरप आसानी से उपलब्ध हो रहा है। इसका उपयोग दवा के बजाय नशे के रूप में किया जा रहा है, जिससे किशोर और युवा वर्ग तेजी से इसकी गिरफ्त में आ रहे हैं। इससे न केवल युवाओं के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है, बल्कि सामाजिक माहौल भी प्रभावित हो रहा है।
स्वास्थ्य विशेषज्ञों के अनुसार कोडीन युक्त सिरप का अधिक और लगातार सेवन शरीर के लिए बेहद हानिकारक हो सकता है। इससे लत लगने की संभावना बढ़ जाती है और मानसिक तथा शारीरिक समस्याएं भी उत्पन्न हो सकती हैं।
लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि क्षेत्र में मेडिकल दुकानों की नियमित जांच कराई जाए तथा बिना पर्ची के कोडीन युक्त कफ सिरप बेचने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि युवाओं को नशे की इस बढ़ती प्रवृत्ति से बचाया जा सके।
