गौरव कुमार AV भारत न्युज संवाददाता बखरी/बेगूसराय
बिहार सरकार की पहल संपूर्णता अभियान 2.0 के तहत प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बखरी के अंतर्गत यक्ष्मा (टीबी) रोगियों को ठंड में कंबल का वितरण किया गया।
इस अवसर पर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बखरी के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. दीपक कुमार सिंह ने कहा कि संपूर्णता अभियान के अंतर्गत पाँच प्रमुख कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं, जिनमें स्वास्थ्य एक महत्वपूर्ण घटक है। पीएचसी स्वास्थ्य प्रबंधक सुरेंद्र कुमार ने कहा कि यक्ष्मा मरीजों को कंबल की आवश्यकता थी और इसे पाकर सभी लाभार्थी खुश नजर आए।
यक्ष्मा पर्यवेक्षक रणधीर कुमार ने टीबी रोग के लक्षणों की जानकारी देते हुए कहा कि यदि किसी व्यक्ति को दो सप्ताह से अधिक खांसी, बलगम में खून आना, छाती में दर्द, वजन कम होना, गर्दन के आसपास गांठ बनना या भूख कम लगना जैसे लक्षण दिखाई दें, तो तुरंत प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बखरी में जांच कराएं।
उन्होंने बताया कि यहां बलगम जांच, छाती का एक्स-रे निःशुल्क किया जाता है तथा जांच के बाद दवा भी पूरी तरह मुफ्त दी जाती है। साथ ही, पोषण सहायता राशि डीबीटी के माध्यम से सीधे खाते में उपलब्ध कराई जाती है। उन्होंने संदेश दिया कि “आप सभी के जुड़ने से ही टीबी हारेगा, देश जीतेगा।”इस दौरान वरीय लिपिक दीपक कुमार ने मरीजों को मानसिक रूप से मजबूत रहने के लिए प्रोत्साहित किया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में डॉ. कृष्णानंद, फार्मासिस्ट प्रभात कुमार, हर्ष कुमार, अंकुर कुमार, लेखपाल शशि रंजन, कमलेश कुमार सहित प्राइवेट पार्टनर की ओर से पंकज कुमार, मुकेश कुमार, मोहम्मद राजा, अमन कुमार एवं शंभू कुमार ने सक्रिय सहयोग दिया।इस अवसर पर कुल 71 यक्ष्मा मरीजों को कंबल भेंट किया गया, जिससे लाभार्थियों में खुशी और संतोष का माहौल देखा गया।
