गौरव कुमार AV भारत न्युज संवाददाता बखरी/बेगूसराय
प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, बखरी में स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. प्रियंका कुमारी द्वारा गर्भवती माताओं की गहन जांच की गई तथा उनके होने वाले बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य के लिए कई महत्वपूर्ण सुझाव दिए गए।
शिविर में लाभार्थियों को जांच हेतु लैब भेजा गया, जहां हीमोग्लोबिन, एचआईवी, एचबीएसएजी, यूरिन शुगर एवं यूरिन प्रोटीन की जांच की गई। जांच के दौरान एचबीएसएजी से ग्रसित दो गर्भवती महिलाएं पाई गईं, जबकि आधा दर्जन गर्भवती महिलाओं में खून की कमी (एनीमिया) पाई गई।
स्वास्थ्य प्रबंधक सुरेंद्र कुमार ने बताया कि शिविर में आए सभी गर्भवती लाभार्थियों को प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व दिवस के अवसर पर अल्पाहार उपलब्ध कराया गया। साथ ही अस्पताल की ओर से आयरन एवं कैल्शियम की गोलियां पर्याप्त मात्रा में वितरित की गईं।
सभी लाभार्थियों की एएनएम दीदियों द्वारा वजन, लंबाई, बीपी एवं शुगर सहित आवश्यक जांच की गई तथा गर्भावस्था के दौरान अपने स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने की जानकारी दी गई।फैमिली प्लानिंग काउंसलर धर्मेंद्र कुमार द्वारा गर्भवती माताओं की काउंसलिंग कर उन्हें मानसिक रूप से मजबूत रहने के लिए प्रेरित किया गया।
वहीं संपूर्णता अभियान के तहत यक्ष्मा पर्यवेक्षक रणधीर कुमार द्वारा गर्भवती लाभार्थियों का शत-प्रतिशत टीबी स्क्रीनिंग किया गया।कार्यक्रम को सफल बनाने में डॉ. पुष्कर, डॉ. कृष्णानंद, डॉ. सुमित शर्मा, हर्ष राज, लैब टेक्नीशियन कमलेश कुमार, नीतू कुमारी, निशा कुमारी, सरिता भारती, किरण कुमारी सहित अन्य स्वास्थ्य कर्मियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।इस शिविर में कुल 148 गर्भवती लाभार्थियों की जांच की गई।
