गौरव कुमार AV भारत न्युज संवाददाता बखरी/बेगूसराय
होली पर्व को लेकर बढ़ती भीड़ के बीच पूर्व मध्य रेलवे के समस्तीपुर–खगड़िया (भाया हसनपुर–सलौना) रेलखंड पर स्पेशल ट्रेनों के संचालन की मांग तेज हो गई है। रेल यात्री संघ, सलौना के अध्यक्ष राजेश अग्रवाल ने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को पत्र लिखकर इस रूट पर अविलंब होली स्पेशल ट्रेन चलाने की मांग की है।
अपने पत्र में उन्होंने कहा है कि समस्तीपुर–खगड़िया रेलखंड पर एक भी होली स्पेशल ट्रेन की घोषणा नहीं की गई है, जबकि विभिन्न स्टेशनों पर दैनिक यात्रियों के साथ-साथ महानगरों से आने-जाने वाले प्रवासी यात्रियों की भारी भीड़ उमड़ रही है। उन्होंने बताया कि इस रेलखंड पर दूरगामी ट्रेनों की संख्या पहले से ही काफी कम है, जिससे यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
रेल यात्री संघ ने अपनी मांगों में कहा है कि होली स्पेशल ट्रेनों को समस्तीपुर–खगड़िया रेलखंड से जोड़ा जाए तथा सभी स्पेशल गाड़ियों का ठहराव अमृत भारत सलौना स्टेशन पर सुनिश्चित किया जाए। इसके अतिरिक्त हसनपुर से उधना के लिए प्रस्तावित होली स्पेशल ट्रेन का विस्तार खगड़िया जंक्शन अथवा मानसी जंक्शन तक किए जाने की मांग भी की गई है, ताकि इस रेलखंड के अन्य स्टेशनों के यात्रियों को भी इसका लाभ मिल सके।
संघ ने यह भी उल्लेख किया है कि इस खंड पर साप्ताहिक संचालित जनसाधारण एक्सप्रेस में अत्यधिक भीड़ के कारण यात्री चढ़ नहीं पाते हैं। ऐसे में दिल्ली और हावड़ा के लिए अतिरिक्त ट्रेनों का संचालन अत्यंत आवश्यक हो गया है।रेल यात्री संघ ने रेल मंत्रालय से शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेते हुए यात्रियों की सुविधा के लिए आवश्यक कदम उठाने की अपील की है।
