विजय भारती ब्यूरो AV भारत न्युज बेगुसराय
भगवानपुर प्रखंड क्षेत्र स्थित दहिया गांव निवासी स्वर्गीय अरविंद झा के 40 वर्षीय पुत्र सीआरपीएफ जवान मुरारी झा का पार्थिव शरीर सोमवार को गांव पहुंचते ही पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। मुरारी झा केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) में कार्यरत थे और पिछले कुछ समय से गंभीर बीमारी से जूझ रहे थे। उनका इलाज मुंबई स्थित टाटा मेमोरियल हॉस्पिटल में चल रहा था, जहां इलाज के दौरान ही उनका निधन हो गया।

उनका पार्थिव शरीर जैसे ही गांव पहुंचा, स्वजनों में चीख-पुकार मच गई तथा अंतिम दर्शन हेतु ग्रामीणों की भीड़ उनके पैतृक आवास पर उमड़ पड़ी। अंतिम दर्शन के लिए लोगों का तांता लगा रहा। मृतक दो भाई और एक बहन में सबसे छोटे थे। पत्नी अनुबिता झा, पुत्र आशीष झा और पुत्री आयशा झा सहित अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पूरे गांव में मातम का माहौल बना हुआ है।
