गौरव कुमार AV भारत न्युज संवाददाता बखरी/बेगूसराय
अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस साप्ताहिक उत्सव के अवसर पर प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र बखरी द्वारा नगर परिषद बखरी के सभागार में स्वास्थ्य मेले का आयोजन किया गया। इस मेले का उद्देश्य महिलाओं के स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा उन्हें बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना था।
आयोजित स्वास्थ्य जांच शिविर में सैकड़ों महिलाओं तथा नगर परिषद के सफाई कर्मियों ने भाग लिया। शिविर में महिलाओं को सामान्य चिकित्सा परामर्श, स्त्री रोग परामर्श, नर्सिंग देखभाल एवं प्रयोगशाला जांच जैसी विभिन्न स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान की गईं।
स्वास्थ्य शिविर में उपस्थित सभी लाभार्थी महिलाओं एवं कर्मचारियों ने स्वास्थ्य परीक्षण कराकर लाभ प्राप्त किया। स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. रश्मि ने महिलाओं को स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी तथा निःशुल्क जांच की सुविधा उपलब्ध कराई।
स्वास्थ्य मेले में बीपी, डायबिटीज, यक्ष्मा स्क्रीनिंग तथा एनीमिया आदि की जांच भी की गई। जांच के दौरान दो लाभार्थियों में डायबिटीज रोग की पहचान की गई। वहीं दर्जनों योग्य लाभार्थियों का आयुष्मान कार्ड भी बनाया गया और जरूरतमंदों के बीच दवाइयों का वितरण किया गया।
कम्युनिटी हेल्थ ऑफिसर पूजा कुमारी ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग द्वारा महिलाओं के लिए कई महत्वपूर्ण स्वास्थ्य योजनाएं संचालित की जा रही हैं, जिनका लाभ सभी महिलाओं को लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि महिलाओं का स्वस्थ रहना पूरे परिवार के स्वास्थ्य के लिए अत्यंत आवश्यक है।
इस अवसर पर स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. रश्मि, रोहित कुमार, आयुष्मान ऑपरेटर राजू कुमार, सीएचओ पूजा कुमारी, यक्ष्मा पर्यवेक्षक रणधीर कुमार तथा फार्मासिस्ट प्रभात कुमार ने स्वास्थ्य मेले के सफल आयोजन में अपना महत्वपूर्ण सहयोग दिया।
