गौरव कुमार AV भारत न्युज संवाददाता बखरी/बेगूसराय
बखरी नगर के जयलख शकरपुरा स्थित श्री राम जानकी मंदिर प्रांगण में शनिवार की संध्या श्रीराम जन्मोत्सव कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत विश्वविख्यात डॉ. विपीन मिश्रा के मंत्रोच्चारण, शंखनाद एवं डमरु वादन के साथ हुई। इसके बाद भजन सम्राट रंजीत भारती एवं निहारिका समूह द्वारा लोक परंपराओं पर आधारित भाव नृत्य प्रस्तुत किया गया, जिसने देर रात तक श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। यह आयोजन रजनीकांत पाठक एवं बिष्णु पाठक के नेतृत्व में 19 मार्च से चल रहे अनुष्ठान का समापन समारोह था।
इस दौरान पूजा-पाठ, भव्य एवं दिव्य झांकियों तथा शोभा यात्रा का आयोजन किया गया, जिसमें नगर के विभिन्न क्षेत्रों का भ्रमण किया गया। मंदिर प्रांगण में स्थापित श्री राम-जानकी जी के समक्ष लगातार कीर्तन, सुबह-शाम भोग, अनुष्ठान पूजा-पाठ एवं प्रसाद वितरण का कार्यक्रम चलता रहा।
समापन समारोह में विभिन्न प्रदेशों एवं जिलों से आए अतिथियों, शुभचिंतकों एवं कलाकारों को अंगवस्त्र एवं पुष्पवर्षा कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के अंतिम चरण में भगवान श्रीराम के जन्मोत्सव के साथ भाव नृत्य से दर्शकों को मंत्रमुग्ध करने वाली निहारिका कुमारी का जन्मदिन भी मंच पर केक काटकर मनाया गया, जिसने उपस्थित लोगों का दिल जीत लिया। समापन समारोह के दौरान सभी आमंत्रित अतिथियों को सम्मानित किया गया।
