नवीन कुमार मिश्रा AV भारत न्युज संवाददाता नावकोठी/ बेगुसराय
नावकोठी प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत अयोध्या प्रसाद प्लस टू स्कूल को प्रखंड का मॉडल विद्यालय बनाया गया है। प्रखण्ड विकास पदाधिकारी सह प्रखण्ड शिक्षा पदाधिकारी राहुल रंजन ने बताया कि बिहार सरकार के सात निश्चय तीन के तहत उन्नत शिक्षा उज्जवल भविष्य अंतर्गत राज्य के प्रत्येक प्रखंड में एक-एक उच्च माध्यमिक विद्यालय को मॉडल विद्यालय के रूप में विकसित करने का सरकार ने निर्णय लिया है।
इस संदर्भ में प्रखंड के एक उच्च माध्यमिक विद्यालय को मॉडल विद्यालय के रूप में चिन्हित कर लिया गया है।इस क्रम में शिक्षा विभाग ने एपीएस उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में नामांकन के लिए नोटिफिकेशन जारी किया है।
नामांकन प्रक्रिया के तहत विस्तृत दिशा निर्देश भी जारी किया गया है।चयनित मॉडल विद्यालय में कक्षा नवम में छात्र-छात्राओं के नामांकन हेतु नियमावली और निर्देशिका की एक प्रति संबंधित विद्यालय को प्रेषित किया गया है।
प्रधानाध्याक गणेश झा ने बताया कि मॉडल विद्यालय में नामांकन की प्रक्रिया के तहत वर्ग नवम में नामांकन के लिए 40 छात्र- छात्राओं का सेलेक्शन किया जायेगा।इस सिलसिले में विस्तृत 17 बिंदुओं का दिशा निर्देश प्राप्त हुआ है।
इसके तहत एनएमएमएस परीक्षा में संबंधित प्रखंड के वैसे छात्र-छात्राओं से आवेदन आमंत्रित किए जाएंगे जो उक्त परीक्षा में 50 प्रतिशत अंक प्राप्त किए हों।निजी विद्यालय के छात्रों का नामांकन नहीं किया जाएगा।नामांकन की अंतिम तिथि 30 अप्रैल निर्धारित की गई है।
वहीं जिला मुखिया संघ के महासचिव,प्रखंड अध्यक्ष व स्थानीय मुखिया राष्ट्रपति कुमार बिट्टू ने एपीएस विद्यालय को मॉडल विद्यालय के रूप में चयन होने पर हर्ष व्यक्त किया है।
