गौरव कुमार AV भारत न्युज संवाददाता बखरी/बेगूसराय
बखरी अनुमंडल अंतर्गत मोहनपुर पंचायत में शनिवार को अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का विधिवत शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता अनुमंडल पदाधिकारी सन्नी कुमार सौरव ने की।
उद्घाटन अवसर पर एसडीएम श्री सौरव ने कहा कि स्वास्थ्य केंद्र शुरू होने से क्षेत्र के लोगों को स्थानीय स्तर पर बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी। यहां ओपीडी, प्रसव समेत अन्य आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं दी जाएंगी।
इस अवसर पर मुखिया प्रतिनिधि ने कहा कि पहले मोहनपुर पंचायत के लोगों को इलाज के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बखरी तक चार से पांच किलोमीटर की दूरी तय करनी पड़ती थी। अब अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र खुल जाने से पंचायतवासियों को अपने ही क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिलेगा, जिससे समय और खर्च दोनों की बचत होगी।प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. दीपक कुमार सिंह ने बताया कि मोहनपुर में पहले से स्वास्थ्य उपकेंद्र संचालित था, लेकिन बेहतर स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सरकार द्वारा अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का निर्माण कराया गया है।
उन्होंने कहा कि शनिवार से यहां ओपीडी एवं प्रसव सेवा शुरू कर दी गई है। साथ ही लोगों से सरकारी स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ उठाने की अपील की गई।मौके पर जदयू नेता बीके राय, स्वास्थ्य प्रबंधक सुरेंद्र कुमार, चिकित्सा पदाधिकारी माला कुमारी, लेखापाल शशि रंजन, बीसीएम रतन कुमार, एएनएम किरण कुमारी, छाया कुमारी, आशा कार्यकर्ता रंजू कुमारी, प्रतिभा कुमारी समेत कई स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीण मौजूद थे।
