गौरव कुमार AV भारत न्युज संवाददाता बखरी/बेगूसराय
लोहिया स्वच्छ बिहार अभियान के अंतर्गत ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियमावली-2026 के तहत 1 जून से 5 जून 2026 तक चलाए जा रहे विशेष अभियान के क्रम में पंचायत बागवन स्थित वेस्ट प्रोसेसिंग यूनिट परिसर में “एक पेड़ मां के नाम” कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों ने वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए बागवन पंचायत के मुखिया योगेंद्र राय ने कहा कि पर्यावरण और जलवायु की स्वच्छता, जनजीवन की सुरक्षा तथा बढ़ते ग्लोबल वार्मिंग के प्रभाव को कम करने के लिए पेड़-पौधों का होना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि पेड़ हैं तो जीवन है, और पेड़ नहीं तो जीवन की कल्पना भी संभव नहीं है। इसलिए प्रत्येक व्यक्ति को अपने जीवन के महत्वपूर्ण अवसरों जैसे जन्मदिन, विवाह, मुंडन, श्राद्ध तथा अन्य सामाजिक एवं पारिवारिक आयोजनों पर कम से कम एक पेड़ अवश्य लगाना चाहिए। इससे पर्यावरण संतुलित रहेगा और आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ वातावरण मिल सकेगा।
उन्होंने बताया कि ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियमावली-2026 की थीम के अनुरूप पंचायत में वृक्षारोपण अभियान चलाया जा रहा है, जिसके तहत लोगों को अधिक से अधिक पौधे लगाने के लिए जागरूक किया जा रहा है।
इस अवसर पर स्वच्छता पर्यवेक्षक रामचरण महतो, स्वच्छता कर्मी रामबालक सदा, मुन्ना कुमार, रामवीर पासवान, दीपक कुमार, विशेश्वर सदा एवं शंभू सदा, वार्ड सदस्य महावीर पासवान, वार्ड प्रतिनिधि शंभू सदा सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे। सभी ने पर्यावरण संरक्षण के लिए अधिक से अधिक पेड़ लगाने का संकल्प लिया।
