विजय भारती ब्यूरो AV भारत न्युज बेगुसराय
भगवानपुर पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में विदेशी शराब के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से एक स्कॉर्पियो, एक टाटा योद्धा पिकअप समेत तीन मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं।
थानाध्यक्ष द्वारा शुक्रवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, भगवानपुर थाना क्षेत्र में गुप्त सूचना मिली थी कि शराब की खेप वाहन के माध्यम से ले जाई जा रही है। सूचना के सत्यापन के बाद अपर थानाध्यक्ष सुमित कुमार एवं एएसआई अमरदान तिग्गा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने दिवा गश्ती के दौरान ताजपुर दोबटिया के समीप छापेमारी की।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने एक स्कॉर्पियो और एक टाटा योद्धा पिकअप को रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान वाहनों से 180 एमएल की विदेशी शराब की 66 पेटियां बरामद की गईं। प्रत्येक पेटी में 48 बोतलें थीं। इस प्रकार कुल 570.240 लीटर विदेशी शराब जब्त की गई।
मौके से पुलिस ने दोनों वाहनों के अलावा दो सैमसंग कंपनी के स्क्रीन टच मोबाइल फोन तथा एक एप्पल कंपनी का मोबाइल फोन भी बरामद किया। वहीं शराब तस्करी के आरोप में दो व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान चेरिया बरियारपुर थाना क्षेत्र के आकोपुर गांव निवासी गणेश मिश्रा के 32 वर्षीय पुत्र केशव मिश्रा तथा बैजनाथ महतो के 29 वर्षीय पुत्र लालबाबू कुमार के रूप में की गई है।
थानाध्यक्ष ने बताया कि दोनों आरोपितों के विरुद्ध बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी है और गुप्त सूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई कर तस्करों पर शिकंजा कसा जा रहा है।
