गोपल्लव झा AV भारत न्युज संवाददाता वीरपुर/बेगुसराय
वीरपुर थाना क्षेत्र के वीरपुर पश्चिम पंचायत अंतर्गत वार्ड संख्या 1 बरैयपुरा गांव में रविवार दोपहर एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां दो बच्चों की मां ने गले में फंदा लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया और पूरे गांव में मातम का माहौल छा गया।
घटना की सूचना स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को दी। सूचना मिलते ही थाना अध्यक्ष रवींद्र कुमार एवं पुलिस पदाधिकारी जितेन्द्र कुमार दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की छानबीन शुरू की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, बेगूसराय भेज दिया है।

थाना अध्यक्ष रवींद्र कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला खुदकुशी का प्रतीत हो रहा है। परिजनों और ग्रामीणों के अनुसार महिला ने गले में फंदा लगाकर आत्महत्या की है, हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
मृतका की पहचान बरैयपुरा निवासी प्रिंस कुमार झा की पत्नी निशा कुमारी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि उनके दो छोटे बच्चे हैं—चार वर्षीय पुत्र अंकुश कुमार और दो वर्षीय पुत्री माही कुमारी। घटना के बाद दोनों बच्चे अब पिता के सहारे रह गए हैं।
ग्रामीणों के अनुसार, मृतका के पति प्रिंस कुमार झा एक फाइनेंशियल कंपनी में कार्यरत हैं और फिलहाल घर से बाहर हैं। यह भी बताया जा रहा है कि महिला पिछले कुछ दिनों से बीमार चल रही थी। वहीं, घटना को लेकर गांव में तरह-तरह की चर्चाएं भी हो रही हैं, लेकिन सच्चाई क्या है, यह जांच के बाद ही सामने आएगा।
