गोपल्लव झा AV भारत न्युज संवाददाता वीरपुर/बेगुसराय
सरकार द्वारा घोषित शराबबंदी को लेकर कई तरह के कानून और नियम बनाए गए हैं। इसे पूरी तरह लागू कराने के लिए पुलिस लगातार सर्च अभियान चला रही है। इसके बावजूद शराब कारोबारी चोरी-छिपे अपने धंधे में लगे हुए हैं। वहीं पुलिस भी सख्ती दिखाते हुए कार्रवाई कर रही है।
इसी क्रम में थानाध्यक्ष रबिन्द्र कुमार और एसआई ऋषिकेश भारद्वाज ने सिकरहुला स्थित ईमान चिमनी के पास बीच सड़क से 35 लीटर देशी शराब के साथ एक तस्कर को स्प्लेंडर बाइक सहित गिरफ्तार किया।
थानाध्यक्ष ने बताया कि उन्हें गुप्त सूचना मिली थी कि डीहपर पंचायत के वार्ड संख्या 8 निवासी स्वर्गीय अरविंद चौधरी का 20 वर्षीय पुत्र विक्रम चौधरी अपनी बाइक पर शराब लादकर सिकरहुला से मुजफ्फरा की ओर जा रहा है। सूचना के सत्यापन के लिए थानाध्यक्ष और एसआई सादे लिबास में दलबल के साथ मौके पर पहुंचे और घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
थानाध्यक्ष ने सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि शराब पीने और बेचने के मामले में किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने आम लोगों से अपील की कि यदि कहीं शराब से संबंधित गतिविधि की जानकारी मिले तो तुरंत पुलिस को सूचित करें, ताकि शीघ्र कार्रवाई की जा सके।
