गोपल्लव झा AV भारत न्युज संवाददाता वीरपुर/बेगुसराय
वीरपुर थाना क्षेत्र के मुरादपुर गांव निवासी एक नवविवाहिता ने अपने पति समेत चार ससुराल पक्ष के लोगों के विरुद्ध दहेज की मांग को लेकर मारपीट, गाली-गलौज और प्रताड़ित करने का आरोप लगाते हुए प्राथमिकी दर्ज कराई है।
पीड़िता संगम कुमारी ने वीरपुर थाना में दिए आवेदन में बताया है कि उनकी शादी 8 मई 2025 को मुरादपुर निवासी अनिल पटेल के पुत्र शनीश कुमार पटेल के साथ हिंदू रीति-रिवाज के अनुसार संपन्न हुई थी। शादी के दौरान उनके माता-पिता द्वारा लगभग तीन लाख रुपये नकद, 30 ग्राम सोने के विभिन्न आभूषण, एक पल्सर मोटरसाइकिल सहित लाखों रुपये मूल्य के कपड़े, फर्नीचर एवं बर्तन उपहार स्वरूप दिए गए थे।
आवेदन में आरोप लगाया गया है कि विवाह के लगभग एक सप्ताह बाद से ही पति शनीश कुमार पटेल, ससुर अनिल पटेल, सास निशा देवी तथा देवर मनीष कुमार पटेल द्वारा मायके से अतिरिक्त दो लाख रुपये लाने का दबाव बनाया जाने लगा। विरोध करने पर उनके साथ गाली-गलौज और मारपीट की जाती थी तथा भोजन देना भी बंद कर दिया गया था।
पीड़िता ने इन आरोपों के आधार पर चारों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
इस संबंध में वीरपुर थानाध्यक्ष राजू रंजन कुमार ने बताया कि पीड़िता द्वारा दिए गए आवेदन के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है तथा पूरे मामले की जांच करते हुए आगे की आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
