गोपल्लव झा AV भारत न्युज संवाददाता वीरपुर/ बेगुसराय
वीरपुर थाना क्षेत्र के परबंदा गांव निवासी फजुल कुमार ने अपनी पत्नी और छह माह की पुत्री के लापता होने को लेकर थाना में आवेदन देकर प्राथमिकी दर्ज कराई है। उन्होंने अपने ही गांव के दिलखुश कुमार, ईश्वर महतो, अनिता देवी, कंचन देवी तथा सुनिल महतो पर उनकी पत्नी और बच्ची को जान से मारने की नीयत से गायब कर देने का आरोप लगाया है।
थाना को दिए आवेदन में फजुल कुमार ने बताया है कि उनकी पत्नी रविला देवी अपनी छह माह की पुत्री के साथ घर से गायब हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि गाय खरीदने के लिए घर में रखे गए एक लाख 46 हजार रुपये नकद भी नहीं मिल रहे हैं। इसके अलावा लगभग चार लाख रुपये मूल्य के विभिन्न सोने-चांदी के जेवरात भी गायब पाए गए हैं।
पीड़ित ने आशंका जताई है कि नामजद लोगों की संलिप्तता से उनकी पत्नी और बच्ची को गायब किया गया है। उन्होंने दोनों की सकुशल बरामदगी के साथ-साथ मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
इस संबंध में वीरपुर थानाध्यक्ष राजू रंजन कुमार ने बताया कि पीड़ित द्वारा दिए गए आवेदन के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है तथा आगे की आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
